उरई-,जीआरपी दरोगा ने खुद को मारी गोली,रिपोर्ट-अवनीत गुर्जर

उरई । जीआरपी के दरोगा ने सोमवार को देर रात बैरक में सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली । उसे उपचार के लिए नाजुक हालत में पहले कानपुर पहुंचाया गया इसके बाद लखनऊ ले जाया गया है । खबर मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया । झांसी से जीआरपी के पुलिस अधीक्षक और जनपद के पुलिस अधीक्षक आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचे । जीआरपी के पुलिस अधीक्षक को अपने बयान में दरोगा ने खुदकुशी के प्रयास की वजह पारिवारिक बताई है ।

रेलवे पुलिस के स्थानीय थाने में तैनात औरैया निवासी उप निरीक्षक मोहित दुबे (28वर्ष ) ने देर रात बैरक के अंदर सर्विस रिवाल्वर से अपने को गोली मार ली । उसने इतनी सफाई से गोली मारी कि बगल में सो रहे सिपाही को भी पता नहीं चला । इसी बीच पुष्पक एक्सप्रेस के कालपी पहुंचने पर ट्रेन की चेकिंग के लिए जी आर पी थानाध्यक्ष बृजमोहन सैनी मुस्तैद हुए तो उन्होने कहा कि मोहित दरोगा जी को भी बुलवा लो । उनके आदेश पर सिपाही पवन शिवहरे मोहित को लेने जैसे ही बैरक में पहुंचा वहां खून से लथपथ पड़े दरोगा को देख कर उसके होश उड़ गए । थानाध्यक्ष बृजमोहन सैनी फौरन मोहित को जिला अस्पताल की इमर्जेंसी में ले आए । यह वाकया लगभग 12.40 का है । बाद में झांसी से जी आर पी के पुलिस अधीक्षक प्रताप नारायण मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंच कर उसके बयान दर्ज किए । मोहित ने बताया कि वह पारिवारिक कारणों से परेशान था जिसके चलते यह कदम उठा बैठा । उसे देखने वाले डाक्टर ने बताया कि उसने शराब भी पी रखी थी । मोहित की शादी अभी नहीं हुई है हालांकि रिंग सेरेमनी कुछ दिनों पहले हो चुकी है ।

जनपद के पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद चतुर्वेदी भी शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रुद्र कुमार सिंह के साथ अस्पताल में घायल दरोगा को देखने पहुंचे । हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया था जिसके बाद पहले उसे कानपुर ले जायागया ,बाद में लखनऊ में भर्ती कराया गया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *