लखनऊ 12 नवंबर उत्तर प्रदेश सरकार जल्द ही अयोध्या मथुरा को तीर्थ स्थान घोषित कर वहाँ मांस मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रही है। इस बारे में तैयारियां जोरों पर हैं।
उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने सोमवार को न्यूज़ एजेंसी भाषा से विशेष बातचीत में कहा कि साधु संतों और भक्तों की डिमांड पर राम और कृष्ण की नगरी को मास मदिरा की बिक्री और सेवन से मुक्त रखे जाने की तैयारियां हैं।
गौरतलब है कि 6 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी ने फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या कर दिया था। शर्मा का कहना है कि मांग का सम्मान करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार अयोध्या की 14 कोसी परिक्रमा के आसपास के इलाके और मथुरा में भगवान कृष्ण के जन्म स्थान के आसपास के इलाकों को तीर्थ स्थान घोषित करने की योजना पर तेजी से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब यह दोनों स्थान तीर्थ स्थान घोषित हो जाएंगे तो यहां स्वता ही मांस मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध लग जाएगा। बिना तीर्थ स्थान घोषित किए इन दोनों स्थानों पर मांस मदिरा पर प्रतिबंध लगना संभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि मथुरा में वृंदावन बरसाना नंदगांव गिरिराज जी की सप्त कोसी परिक्रमा का इलाका पहले से ही तीर्थ स्थान घोषित है वहां मांस मदिरा की बिक्री पूर्णत प्रतिबंधित है।
