कालपी में शराब पी कर युवक की मौत से ग्रामीण भड़के , ठेका फूंका,रिपोर्ट-अवनीत गुर्जर

उरई। कालपी कोतवाली क्षेत्र में ठेके से शराब पीने के बाद एक युवक की मौत हो गई जिसके चलते वबाल हो गया । भड़के गाँव वालों ने ठेके को फूँक डाला । उग्र भीड़ को नियंत्रित्त करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा ।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के देवकली गाँव में छोटे (25 वर्ष ) पुत्र लालजी निषाद ने देशी शराब के ठेके से शराब खरीदी जिसको पीने के कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उपचार के पहले ही उसने दम तोड़ दिया । छोटे पानीपत में पानी पूड़ी का धंधा करता था और दीवाली पर घर आया हुआ था । उसकी मौत के बाद पहले तो परिजन शांत रहे और यमुना नदी के तीर ले जा कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया । लेकिन लौटने के बाद माहौल गर्म हो गया । बड़ी संख्या में महिलाएँ इकट्ठी हो गई और उपद्रव करते हुए उन्होने शराब का ठेका फूँक डाला । महिलाओं और गाँव वालों का रौद्र रूप देख कर ठेके के सेल्समैन को भागना पड़ा

खबर पा कर पुलिस भी मौके पर पहुँच गई । प्रभारी निरीक्षक सुधाकर मिश्रा ने पहले समझा कर उन्हें शांत करने की कोशिश की । जब उपद्रव जारी रहा तो लाठीचार्ज करके उन्हें खदेड़ा गया । बाद में महिलाओं ने कोतवाल को ज्ञापन दिया जिसमें ठेका हटाने की माँग की गई थी । महिलाओं का कहना था कि गाँव में ठेका होने से उनके घर बर्बाद हो रहे हैं । कोतवाल ने उनका ज्ञापन जिलाधिकारी को अग्रसारित कर दिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *