घटना के तीसरे दिन आई कुदरा हत्याकांड में तहरीर, रिपोर्ट दर्ज की पुलिस ने
कोंच । कुदरा में हुई महिला की हत्या को लेकर शनिवार को मृतका के बेटे ने कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करा दी है। बेटे के मुताबिक उसकी मां की हत्या उसके बाप ने ही की है। पिछले तीन दिनों से तहरीर का इंतजार कर रही कोतवाली पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम कुदरा में 26/27 दिसंबर की रात एक महिला प्रेमवती उर्फ रिरुआबाली की हत्या कर दिए जाने की सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई थी। इस हत्या में जो तथ्य सामने आए थे उनके मुताबिक हत्या योजनाबद्घ तरीके से की गई थी और हत्या के शक की सुई पूरी तरह उसके पति ठाकुरदास पर घूम रही थी। घटना को अंजाम देने के बाद पति मौके से फरार भी हो गया था और उसकी बाइक एट स्टेशन से पुलिस ने बरामद कर ली थी। हत्या के वक्त मृतका के दोनों बेटे रवीन्द्र और पवन बाहर गए हुए थे और पुलिस इस प्रकरण में एफआईआर के लिए तहरीर आने का इंतजार कर रही थी।
आखिर शनिवार को यह इंतजार खत्म हो गया और मृतका के बेटे पवन ने तहरीर देकर बताया कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था लेकिन घर आने के बाद उसे बताया गया कि उसकी मां की हत्या उसी के पिता द्वारा की गई है। बहरहाल, पुलिस ने ठाकुरदास के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की तफ्तीश आगे बढा दी है।
