कोंच (जालौन)। प्रेम प्रसंग में परिजनों द्वारा रंगे हांथ पकड़े गये
प्रेमी युगल को आखिरकार अपना प्यार उस समय मिल गया जब पुलिस की मध्यस्थता से युवक एवं युवती के परिजन दोनों का विवाह किये जाने पर सहमत हो गये और फिर हंसी-खुशी के बीच युवक एवं युवती हमेशा के लिये एक दूजे के हो गये। उक्त मामले की समूचे क्षेत्र में प्रशंसा की जा रही है। मामले के मुताबिक गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम लोधीपुरा निवासी अर्जुन पुत्र वीरेन्द्र सिंह का बीते काफी समय से कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम सामी निवासी हेमा पुत्री दिनेश कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसके तहत बीती 15 जून को अर्जुन हेमा से मिलने उसके गाँव पहुॅच गया और एक स्थान पर बैठक कर दोनों बाते कर रहे थे तभी हेमा के परिजनों ने मौके
पर पहुॅच कर उक्त दोनों को पकड़ लिया जिसके बाद मामला थाने में जा पहुॅचा और फिर थानाध्यक्ष लखन सिंह ने अर्जुन व हेमा के बालिग होने एवं एक ही बिरादरी से ताल्लुक रखने पर दोनों के परिजनों से वार्ता कर विवाह सम्पन्न कराने हेतु परिजनों को आखिरकार तैयार कर लिया। वहीं सोमवार को देर शाम सिद्व बाबा मन्दिर में बैदिक मंत्रोच्चार के बीच हेमा व अर्जुन का विवाह सम्पन्न हो गया और थानाध्यक्ष एवं पुलिस कर्मियों सहित तमाम उपस्थित ग्रामीणों ने उनको आर्शीवाद देते हुये सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। विवाह के दौरान हेमा के परिजनों ने अर्जुन को 51 हजार रूपये नगद भेंट स्वरूप प्रदान किये। गौरतलब हो कि थानाध्यक्ष लखन सिंह अपने कार्यकाल में
अभी तक ऐसे चार प्रेमी जोड़ों का विवाह सम्पन्न करा चुके हैं और उनके इस कार्य की क्षेत्र भर में प्रशंसा की जा रही है।
