कोंच।* ग्राम डाढी में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से पिछले चार-पांच दिनों से आधे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। बिजली नहीं आने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और किसानों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों की सूचना पर बिजली विभाग ने दो दिन पहले नया ट्रांसफार्मर गांव में भिजवा दिया था, लेकिन जिस खेत मे ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाना है, वहां फसल खड़ी होने और फसल नुकसान होने का हवाला देकर खेत मालिक उसे लगाने की अनुमति नहीं दे रहा है। इसी कारण ट्रांसफार्मर अभी तक लग नहीं पाया है। बताया गया कि ग्राम डाढी में कुल तीन ट्रांसफार्मर लगे हैं, जिनमें से खेतों के बीच स्थित 63 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक आग लगने से फुंक गया था। इसके बाद से आधे गांव की बत्ती गुल है। इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि कई दिनों से अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। बिजली विभाग के अवर अभियंता अंकित साहनी ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर विभाग द्वारा उपलब्ध करा दिया गया है। लेकिन ग्रामीणों के आपसी विवाद के कारण काम में देरी हो रही है। कुछ ग्रामीण ट्रांसफार्मर को अपने खेतों से होकर ले जाने की अनुमति नहीं दे रहे हैं, जिससे उसे निर्धारित स्थान तक पहुंचाया नहीं जा पा रहा है। उच्चाधिकारी ग्रामीणों को समझाने में लगे हुए हैं। जल्द की ट्रांसफार्मर को उसके स्थान पर लगवा दिया जाएगा।
कोंच: ग्राम डाढी में ट्रांसफार्मर फुंकने से पांच दिन से अंधेरा, ग्रामीण परेशान
