कोंच। मोहल्ला गोखलेनगर का रहने बाला चंद्रशेखर पुत्र रमेशचंद्र पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय शाखा में गया और उसने अपने खाते से बीस हजार रुपए निकाल कर थैले में रख लिए। इसके बाद वह घर चलने को हुआ तो उसने सोचा सब्जी भी लेता चले। वह अपनी बाइक से एसआरपी इंटर कॉलेज की तरफ सब्जी बाजार पहुंचा और सब्जी खरीदने लगा। उसका बैग बाइक पर टंगा था।
किसी टप्पेबाज ने मौका हाथ लगते ही हाथों का कमाल दिखाया और रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। जब चंद्रशेखर ने सब्जी रखने के लिए बैग की तरफ देखा तो बैग अपनी जगह पर नहीं था। उसने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि थैले में बीस हजार रुपए के साथ साथ उसकी बैंक पास बुक भी रखी थी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कौन कौन से टप्पेबाज जेल से बाहर आए हैं।
