ग्राम शीला में किसान ने लगाई फांसी, फसल खराबी और कर्ज से था परेशान
गरौठा क्षेत्र के ग्राम शीला में सोमवार सुबह एक किसान ने खेत पर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम शीला निवासी कल्लू अहिरवार (55) पुत्र प्रभु अहिरवार सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने खेत पर पहुंचे थे। वहीं उन्होंने पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। कुछ समय बाद घटना की जानकारी उनके पुत्र देसराज को मिली। परिजन उन्हें तुरंत गुरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. रवि अनुरागी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे दो पुत्र रामाधर और देसराज तथा दो बेटियों को छोड़ गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार इस बार खेत में फसल कमजोर थी और किसान पर कर्ज भी था। इसी कारण मानसिक तनाव में आकर उन्होंने यह कदम उठा लिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
