जालौन। पीडीएस में धांधली पकड़ी जाने के बाद अफरा-तफरी अभी तक खत्म नही हुई है जिसके चलते गरीबों को सस्ते दर पर राशन उपलब्ध नही हो पा रहा है।
जन असंतोष का बड़ा कारण बने इस मुददे को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता आगे आ गये हैं और मंगलवार को उन्होंने इस पर उप जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है।
समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष इकबाल मंसूरी, जैनुल सिददीकी, राहुल, रिजवान समेत कई कार्यकर्ता और लगभग दो दर्जन महिलाओं ने उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह को ज्ञापन देकर अवगत कराया कि पूर्ति कार्यालय बंद होने के कारण गरीब, असहाय, निर्धन लोग भटक रहे हैं। धांधली की वजह से नगर के जो कोटेदार कार्रवाई की चपेट में आये हैं वैकल्पिक व्यवस्था के लिए उनकी दुकानें ग्रामीण क्षेत्र के कोटेदारों से अटैच कर दी गई हैं।
लोगों का इनका पता नही चल पा रहा है जिससे वे खाद्यान्न लेने के लिए परेशान होकर इधर-उधर भटक रहे हैं। इस मौके पर आरिफ अंसारी, सरफराज, संतोषी देवी, पवन कुमार, अफरीन, अजमेरी, नाजिम, जय प्रकाश, मोहिनी आदि लोग भी उपस्थित रहे।
