झाँसी। बबीना थानान्तर्गत बीएचईएल में जलस्तर बढने से एक मंदिर में पानी भर गया। जिसमें पुजारी का परिवार फंस गया। सूचना पर पहुंची सीआईएसएफ ने जान जोखिम में डालकर कड़ी मशक्त के बाद मंदिर में फंसे लोगों को निकाला। हालांकि इसमें पुजारी की बहू की मौके पर ही मौत हो गई।
झांसी जिले में पिछले दो दिन से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। रविवार की तड़के सुबह थी, रोज की तरह झांसी जिले के बबीना थानान्तर्गत बीएचईएल में बने एक मंदिर रहने वाला पुजारी अपने परिवार के साथ था। तभी अचानक मंदिर के नजदीक बने नाले का जलस्तर बढ़ गया है।
देखते ही नाला टूट गया और मंदिर में पानी घुस गया। इससे पहले मंदिर में रहने वाला परिवार कुछ करता वह डूब गया। किसी प्रकार लोग मंदिर की छत पर पहुंचे। इस दौरान मंदिर में पुजारी की बहू ज्योति फंसी रह गई। जिसकी मौत हो गई।
यह देख स्थानीय लोगों ने थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीआईएसएफ की मदद ली। जिसमें उप कमांडेड नुकुल वर्मा व सहायक कमांडेंट/फायर ज्ञान सिंह के नेतृत्व में सीआईएसएफ अग्नि शमन व सुरक्षा बल के सदस्यों की टीम मौके पर पहुंची। जिन्होंने जान जोखिम में डालकर किसी प्रकार चार लोगों को जिंदा सकुशल निकाल लिया। जबकि महिला की लाश को भी निकाल लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
