टहरौली। थाना टहरौली में सभी पुलिसकर्मियों द्वारा सुबह योगाभ्यास करके निरोगी होने का संकल्प लिया गया ।
क्षेत्राधिकारी टहरौली ठाकुर दीन पाल के नेतृत्व में थाना टहरौली परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये क्षेत्राधिकारी टहरौली ठाकुर दीन पाल ने कहा हम सभी को जरूरत है कि हम सभी योग को अपने जीवन में आत्मसात करें और अपने शरीर को निरोगी और स्वस्थ्य रखें । ठाकुर दीन पाल ने पुलिसकर्मियों को हिदायत भी दी कि सभी अनुशासित रहें और समय का अपने जीवन में विशेष महत्व रखें ।
वहीं योगाभ्यास के बाद उपस्थित पुलिसकर्मियों को सम्बोधित करते हुये थानाध्यक्ष टहरौली अजय कुमार अवस्थी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि यह दिन वर्ष का सबसे लम्बा दिन होता है और योग भी मनुष्य को दीर्घ जीवन प्रदान करता है। इस कारण 21 जून को योग दिवस मनाने का फैसला लिया गया था । अजय कुमार अवस्थी ने कहा कि पहली बार योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया, जिसकी पहल भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 सितम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण से की थी । जिसके बाद 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया । 11 दिसम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र में 193 सदस्यों द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली थी । थानाध्यक्ष ने कहा कि योग से व्यक्ति रोगों से दूर रहता है और मन प्रसन्नचित्त रहता है ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्राधिकारी टहरौली ठाकुर दीन पाल, थानाध्यक्ष टहरौली अजय कुमार अवस्थी, उपनिरीक्षक जवाहर सिंह यादव, उपनिरीक्षक शिवकरण सिंह, ओपेन्द्र कुमार, अरविन्द्र यादव, अनुराग मौर्य, कुलदीप सिंह, अभिषेक सिंह, महिला कांस्टेबल मिथलेश कुमारी, ट्विंकल , कल्पना आदि उपस्थित रहे ।
