झाँसी। लोकसभा चुनाव की रणभेरी में यदि झांसी सीट पर किसी बात का इंतजार है , तो वह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी का नाम और चेहरा जानने की है। फिलहाल जिन प्रत्याशियों के नाम की चर्चा कयासों में तेजी से चल रही है वह अपनी दावेदारी मजबूत मानते हुए अंदर से भी तैयारी में जुटे हुए हैं । बस इन्हें हाईकमान से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
संभावित दावेदारों में चाहे वह नगर विधायक रवि शर्मा हो बबीना विधायक राजीव सिंह, ललितपुर विधायक रामरतन कुशवाहा या फिर गंगा चरण राजपूत और रविंद्र शुक्ला।
यह सभी दावेदार अपनी तैयारियों को आंतरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ सोशल मीडिया पर जमकर प्रचार कर रहे हैं। इन संभावित प्रत्याशियों की सोशल मीडिया पर चल रही कैम्पेनिंग में इनकी गतिविधियां नजर आ रही हैं।
बात यदि नगर विधायक रवि शर्मा की हो, तो वह होली के समारोह में भाग लेने के लिए ललितपुर पहुंचे । रवि शर्मा का ललितपुर जाना पहली बार नहीं है, लेकिन चुनावी मौसम में उनका संसदीय क्षेत्र में चहल कदमी करना और लोगों से संवाद दर्शाता है कि वह सांसद की रेस में खुद अब्बल मानते हुए पूरी मजबूती के साथ मैदान में डटे हैं ।
जानकार मान रहे हैं कि रवि शर्मा के समर्थकों ने बूथ स्तर पर भी काफी तैयारी कर ली है। उनकी विधायक के चुनाव में मिली बंपर जीत और अमृत योजना जैसे ठोस कदम जनता को अभी भी उन्हें पसंदीदा बनाए रखने में सहायक हैं।
एक अन्य दावेदार बबीना विधायक राजीव सिंह परीक्षा भी चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं उनकी सोशल मीडिया पर जबरदस्त कैंपेन चल रही है यह बात दीगर है कि उन्हें अभी अपनी पहचान विधानसभा क्षेत्र से इतर संसदीय क्षेत्र में बनाने के लिए काफी मशक्कत करना पड़ सकती है राजीव के पास प्लस प्वाइंट के रूप में उमा भारती का समर्थन और धनबल माना जा रहा है।
पूर्व मंत्री रविंद्र शुक्ला पिछले काफी समय से सांसद की दावेदारी को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं । चार बार विधायक रहने के साथ तेज तर्रार छवि उनके लिए पार्टी में विचार के लिए एक बड़ा कारण मानी जा रही है । रविंद्र शुक्ला अन्य दावेदारों के मुकाबले खुद को हर विधानसभा में सक्रिय बनाने के लिए आयोजनों में शामिल हो रहे हैं।
इधर , अचानक ही गंगा चरण राजपूत का नाम सामने आना लोगों के लिए हैरानी भरा है । हालांकि वह जिस तरह से अपनी दावेदारी के साथ रवि शर्मा की दावेदारी को कमजोर करने के लिए सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, उससे उनकी आंतरिक तैयारियों को कमजोर माना जा रहा है । यही नहीं उन्हें बाहरी मान कर भी पार्टी में विरोध के स्वर उठते नजर आ रहे हैं।
ऐसा ही कुछ ललितपुर विधायक रामरतन कुशवाहा के साथ नजर आ रहा है उनकी भी तैयारियां जोरों पर हैं वह जातिगत समीकरण फिट करने के साथ उमा भारती के आशीर्वाद को लेने के लिए बेताब नजर आ रहे हैं अंदरूनी तैयारियों में उन्होंने पूरे संसदीय क्षेत्र में होली के मौके पर शुभकामना देते हुए पोस्टर बैनर लगवाए इसके साथ ही समर्थकों के साथ लगातार संपर्क कर तैयारियों को अमलीजामा पहनाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
लोकसभा टिकट के लिए इन दावेदारों की जिस तरह से तैयारियां अंदरूनी तौर पर तेज है उससे यह तो साफ है कि चेहरा इन्हीं किसी एक संभावित दावेदारों में से होगा । यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इन दावेदारो की तैयारियां चुनावी फतेह में विपक्ष को कैसी टक्कर देती हैं?
