झांसीः बुन्देली माटी पिछले कई दशक से विकास का मंत्र तलाश रही है। सपा, बसपा, कांग्रेस से लेकर अब भाजपा की सरकार मे भी उसे सही व्यक्तित्व या माननीय नहीं मिला पाया। जो भी मिला वो केवल सरकारी कार्यवाही की लकीर पीटता हुआ विकास का राग गाकर चला गया। आज प्रभारी मंत्री मोती सिंह लंबे समय के बाद झांसी आये और पुराना अंदाज दिखाया। समीक्षा बैठक मे दो चार अधिकारी सस्पेन्ड किये। इसके बाद भरोसा देने लगे कि विकास करके रहेगे। यहां सवाल यह है कि मोतीजी अबके गये कब आएंगे?
झाँसी जनपद के प्रभारी मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह आज शाम चिरंजीव हॉस्पिटल पहुंचे। वहां उन्होंने बस हादसे में घायल हुए क्लीनर घनश्याम से मुलाकात की और उसका हाल चाल जाना। उन्होंने घनश्याम का इलाज मुफ्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यहां आए है। यदि घनश्याम व उनके परिजनों को कोई समस्या हो तो वे उस संबंध में डीएम को अवगत कराएं, ताकि उसका निराकरण हो सके। घटना की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर दण्डित किया जाएगा।
इसके अलावा प्रभारी मंत्री ने नगर निगम का भ्रमण किया और स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के लिए प्रस्ताव भेजें। तत्काल स्वीकृत हो जाएगा। स्टेडियम निर्माण में धनराशि की कमी नहीं आने दी जाएगी। ट्रांसपोर्ट नगर के लिए भूमि चिह्नित है। जिस पर शीघ्र ही काम किया जाएगा। स्मार्ट सिटी की जानकारी देते हुए नगरआयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि स्मार्ट सिटी का प्रोजेक्ट 2040 करोड़ रुपए का है। 19 प्रोजेक्ट चिह्नित किए गए हैं। जो चरण बद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की भी जानकारी ली। इस मौके पर बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, सांसद प्रतिनिधि जगदीश सिंह भदौरिया, नगर अध्यक्ष प्रदीप सिंह सरावगी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री संजीव श्रृंगीरिषी, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी समेत अन्य अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विकास भवन में प्रभारी मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली खराब होने पर कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए सुधार लाने के निर्देश दिये। इसके अलावा डीडी यू जी जे वाई की समीक्षा के दौरान मंत्री ने सरकारी को आर्थिक क्षति पहुंचाने पर ठकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए आदेशित किया। विद्युत जनित घटनाओं में राहत वितरण पर नाराजगी व्यक्त की।
विधायकों ने भी रोया अपना दुखड़ा
गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने प्रभारी से प्रधानमंत्री आवास योजना व शौचालय निर्माण में रुपयों की मांग करने की शिकायत की है। शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री ने ऐसे ग्राम प्रधान व सचिव के खिलाफ कार्रवाही करने के आदेश दिये। वहीं बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा और मऊरानीपुर विधायक बिहारी लाल आर्या ने विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही और लोगों के साथ गलत व्यवहार करने व मारपीट करने की शिकायत की। जिस पर मंत्री ने कार्यवाही करते हुए मऊरानीपुर के सहायक अभियंता विमल कुमार व जेई वीरेन्द्र कुमार को तत्काल हटाने के लिए कहा।
