झांसी में चोरी के शक में दो युवकों के हाथ बांधकर भरे बाजार में जुलूस निकाला गया। लोग उनको पीटते हुए कोतवाली थाने तक ले गए। आरोप है कि एक थोक व्यापारी की 15 लाख रुपए की इलायची चोरी हो गई थी। चोरी के शक में दुकान के नौकर और उसके साथी को पकड़ लिया गया। दोनों के हाथ बांधे गए और भरे बाजार में जुलूस निकाला गया। इस दौरान लोग वीडियो बनाते रहे। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
दो दिन में गायब हुई 15 लाख की इलायची
कोतवाली थाना क्षेत्र के सुभाष गंज में एक थोक किराना व्यापारी की दुकान में लगातार माल चोरी हो रहा था। सोमवार को उन्होंने दुकान में इलायची की 3 बोरियां रखवाई थी। इसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए थी। मंगलवार रात को वह दुकान बंद करके घर चले गए। जब अगले दिन बुधवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो तीनों बोरियां गायब थी। बाहर से दुकान के ताले भी बंद थे। इससे व्यापारी सकते में आ गया। उसने दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। इसमें दुकान का एक नौकर आसपास चहल-कदमी करते हुए नजर आ गया।
नौकर ने बना ली थी डुप्लीकेट चाबी
शक के तौर पर नौकर और उसके सहयोगी को पकड़ लिया गया। व्यापारी का कहना है कि नौकर ने उनको बताया कि दुकान की डुप्लीकेट चाबियां बना ली थी। वह मौका पाकर चोरी कर रहा था। इसके बाद आसपास के काफी लोग एकत्र हो गए और दोनों की पिटाई कर दी। फिर दोनों को रस्सी से बांध दिया। फिर उन्हें भरे बाजार में घुमाते हुए शहर कोतवाली लेकर आए। रास्ते में दोनों के साथ जमकर गाली-गलौच भी की गई। लोग थप्पड़ मारते रहे। इस दौरान लोग आरोपियों का वीडियो बनाते रहे।
झांसी में 15 लाख की इलायची चोरी में दो युवकों के हाथ बांधे, थाने तक पीटते हुए ले गए, रिपोर्ट -कलाम कुरैशी
