*- बुंदेलखंड में योगी सरकार पर्यटन के विकास पर दे रही जोर*
*- जेडीए ने की है झांसी बोट क्लब की स्थापना*
*- चयनित एजेंसी शुरू करने जा रही बोटिंग और कैफेटेरिया*
*10 दिसंबर, झांसी।* योगी सरकार की बुंदेलखंड क्षेत्र में पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के प्रयास अब असर दिखाने लगे हैं। झांसी जिले के बरुआसागर में बेतवा नदी पर बोटिंग गतिविधियों और झांसी बोट क्लब की शुरुआत 11 दिसंबर को होने जा रही है। झांसी बोट क्लब की स्थापना झांसी विकास प्राधिकरण ने बोटिंग से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए की है।
*वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर गतिविधियों को शुरू करने की तैयारी*
झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवीन नोटघाट पुल के नीचे बेतवा नदी के तट पर झांसी बोट क्लब के माध्यम से चयनित एजेंसी यहां बोटिंग और कैफेटेरिया की शुरुआत करने जा रही है। आने वाले दिनों में इस स्थान पर वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर से जुड़ी गतिविधियों को भी शुरू करने की तैयारी है। यह स्थान बरुआसागर के निकट है, जहां प्रदेश सरकार ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और बरुआसागर किले को एडॉप्ट हेरिटेज योजना के अंतर्गत विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।
*जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहेंगे*
झांसी बोट क्लब की शुरुआत के मौके पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद् के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस मौके पर स्थानीय सांसद अनुराग शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, सदर विधायक रवि शर्मा, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, मऊरानीपुर विधायक रश्मि आर्य, एमएलसी रमा निरंजन, एमएलसी बाबू लाल तिवारी, मेयर बिहारी लाल आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, कमिश्नर डॉ आदर्श सिंह, डीएम अविनाश कुमार, जेडीए वीसी आलोक यादव सहित विभिन्न प्रशासनिक अफसर और जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहेंगे।
