झांसी: लेखकों ने अपनी कृतियों की खूबियों को रेखांकित किया

राष्ट्रीय पुस्तक मेला के दूसरे दिन भी साहित्य पर विस्तार से चर्चा

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय पुस्तक मेले के दूसरे दिन लेखक से मिलिए कार्यक्रम में अनेक साहित्यकारों ने अपनी कृतियों और उसकी विशिष्टताओं पर विस्तार से चर्चा की। समाज में सकारात्मक प्रभाव पैदा करने में पुस्तकों की भूमिका को रेखांकित किया।
एक सत्र में डा सुनीता वर्मा ने कहा कि समाज में भौतिक संसाधनों की भरमार हुई है लेकिन आज अधिकांश लोग स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रसित हैं। इसीलिए उन्होंने आरोग्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए आयुर्वेद विषय को रेखांकित करते हुए एक पुस्तक लिखी। हिंदी विभाग की शिक्षिका और लेखिका डा सुनीता वर्मा ने अपनी पुस्तक आयुर्वेद मर्मज्ञ गोस्वामी तुलसीदास की विशिष्टताओं की विस्तार से जानकारी दी।
एक सवाल पर उन्होंने बताया कि इस पुस्तक को लिखने में चौदह साल लगे। उन्होंने पुस्तक में वर्णित तथ्यों पर भी विस्तार से चर्चा की। उनसे शोध छात्रा मंजरी ने साक्षात्कार लेकर विविध प्रश्नों की बौछार की जिनका डा वर्मा ने बखूबी जवाब दिया।
डा वर्मा ने कहा कि सर्वे भवन्तु सुखिन:को ध्यान में रखकर यह पुस्तक लिखी। आयुर्वेद पूरी जीवन पद्धति है। इसमें आहार, विहार और संयम पर ध्यान दिया जाता है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अब हर व्यक्ति को सेहत की सुरक्षा के प्रति ध्यान देने की जरूरत है।
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी साहित्य में आयुर्वेद पर यदि सम्यक विचार करे तो सभी को सेहत के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। इस कार्यक्रम में डा वर्मा के पति संजीव वर्मा भी उपस्थित रहे। इस सत्र का संचालन डा विपिन प्रसाद ने किया। डा नवीन चन्द्र पटेल ने सबके प्रति आभार व्यक्त किया।
इससे पहले लेखक डा अनूप कुमार गुप्ता की पुस्तक रामायण और महाभारत में सामरिक संस्कृति पर अरिंदम घोष ने विस्तार से चर्चा की। डा गुप्ता ने अपनी पुस्तक की खूबियों का जिक्र किया। वर्तमान में चल रहे ईरान और अमेरिका के युद्ध से जुड़े पहलुओं पर भी उन्होंने चर्चा की। भारत की विदेश नीति पर भी विचार रखे।
डा सुधा दीक्षित ने लोक भूषण पन्ना लाल असर के साथ उनकी विविध कृतियों पर चर्चा की। एक सवाल पर उन्होंने बताया कि उनकी 22 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। वीरांगना झलकारी बाई पर लिखी एक पुस्तक से संबंधित विविध पहलुओं पर भी उन्होंने विचार रखे। उन्होंने झलकारी बाई से जुड़े तथ्यों को जुटाने में की गई कोशिशों का भी विस्तार से जिक्र किया। झलकारी बाई के शौर्य का भी विवरण पेश किया। उन्होंने कहा कि झलकारी बाई एकदम रानी लक्ष्मीबाई की हम शक्ल दिखती थीं।
राजनीति विज्ञान के शोधार्थी विशाल शर्मा से ज्योतिष से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर बातचीत की छात्रा चाहत ने। इस सत्र का संचालन डा प्रेमलता ने किया।
हिंदी विभाग की डा अचला पाण्डेय ने राजकीय संग्रहालय झांसी के उपनिदेशक डा मनोज गौतम से उनके काव्य संग्रह कुछ गुनाह तो नहीं किया पर विस्तार से बातचीत की। उन्होंने सृजन के विविध पहलुओं पर चर्चा की। डा गौतम ने कुछ रचनाओं को भी प्रस्तुत किया। मेले के सहसंयोजक डा श्रीहरि त्रिपाठी ने डा गौतम को सम्मानित किया।
इन सभी सत्रों में राष्ट्रीय पुस्तक मेले के संयोजक प्रो पुनीत बिसारिया, डा प्रेमलता, डा सुधा दीक्षित, डा द्युतिमालिनी, अरुण कुमार हिंगवासिया, उमेश शुक्ल, निहाल चंद्र शिवहरे, रवीन्द्र गुप्त, शोधार्थी अतीत विजय, वीरेंद्र कुमार अहिरवार,मनीष मंडल, शाश्वत सिंह, लक्ष्मी नारायण शर्मा, पर्वत कुमार,रक्षा पटेल, प्रतिभा,अनुराग, प्रदीप समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

कवयित्री सम्मेलन की भी धूम रही
कवयित्री सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ ब्रजलता मिश्रा ने की। उन्होंने सरस्वती वंदना वर दो वर दो मां वीणा पाणी वर दो से इस सम्मेलन की शुरुआत की।
सपना बबेले ने गाओ आज बधाई जन्म लियो रघुराई गीत पेश किए। उन्होंने राधारानी को समर्पित एक अन्य रचना कितना भी रोको, आंसू रुके ना,हे राधा रानी बरसे हैं नयना गीत पेश कर लोगों की वाहवाही बटोरी। प्रगति शंकर सहाय ने भगवान राम पर एक रचना पेश की। उन्होंने एक अन्य रचना राम सिया छवि को हिय में रख नाम जपा कर प्यारे भी पेश की। उन्होंने;खुशी से तरबतर कोई नहीं है,दुःखों में हमसफ़र कोई नहीं ग़ज़ल भी पेश की।
डा मनीषा गिरी ने हमारी इस कुटी में वो प्रभु श्रीराम आएंगे रचना सुनाई। एक अन्य रचना सुबह दिखाई देंगे शाम दिखाई देंगे भी पेश की।
इसका संचालन मोनिका पाण्डेय मनु ने किया। इसमें ⁠कुंती हरिराम, रमा शुक्ला सखी, सुमन मिश्रा, मीरा अग्रवाल, ⁠डॉ रंजना सिंह बुन्देला, प्रगति शर्मा बया, ⁠संगीता निगम,नेहा चाचरा बहल ने अपनी कविताओं का पाठ कर समा बांध दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *