झांसीः जनपद के लहचूरा थानाक्षेत्र मे आज स्कूली बच्चो से भरी एक बस पलट गयी। इसके चलते कई बच्चे घायल हो गये। उन्हे उपचार के लिये प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया।
हादसा उस समय हुआ जब बच्चों से भरी एक स्कूली बस सामने आ रहे ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उसमें सवार स्कूली बच्चों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चों को निकालकर अस्पताल भेजा। जहां उनका उपचार चल रहा है।
झांसी जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में दीपक मेमोरियल पब्लिक स्कूल है।
प्रतिदिन की तरह आज सुबह स्कूल बस लहचूरा थाना क्षेत्र से स्कूली बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। बस ग्राम बम्होरी और तिलेरा के बीच पहुंची, तभी अचानक एक ट्रैक्टर आ गया। जिसे बचाते समय बस अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे बच्चों को किसी प्रकार बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। जिसमें आधा दर्जन बच्चे गम्भीर घायल बताये जा रहे है।
घायल बच्चों में कक्षा 11 की छात्रा मालती पुत्र रामभरोसे (17) निवासी लरोनी, बस क्लीनर धनश्याम पुत्र देवकी (28) निवासी इटायल, व भागवत राजपूत पुत्र हरिशंकर (18) निवासी इटायल शामिल है। साथ ही बस के क्लीनर की हालत गंभीर होने पर उसे झाँसी मेंडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही छात्रों के परिजन स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गये।
