झांसीः ललितपुर जनपद से आयी खबर बहुत दुखद है। यहां एक गर्भवती महिला को सड़क पर बच्चे को जन्म देना पड़ा, लेकिन बच्चा बच नहीं सका।
ललितपुर जनपद के ग्राम गिरार निवासी पिंकी पत्नी सुदामा अहिरवार गर्भवती थी। उसे प्रसव पीड़ा हुई तो पति ने उसे पास में लगी मध्य प्रदेश की सीमा के टीकमगढ़ के एक स्वास्थ्य केंद्र में दिखाया। वहां डिलेवरी का समय नजदीक देख चिकित्सीय स्टाफ ने उसे बड़े अस्पताल ले जाने की बात कही। इस पर सुदामा ने तत्काल उसे बाइक बैठाया और अस्पताल ले जाने लगा।
ग्राम निवारी के पास अचानक रास्ते में पिंकी का दर्द असहनीय हो गया। उसने गाड़ी रुकवाई तो वहीं सडक़ पर पिंकी की डिलीवरी हो गई। बिना चिकित्सकों की मौजूदगी में हुए इस प्रसव में नवजात की मौत हो गई। ग्रामीणों ने उक्त हृदयविदाकर दृश्य देखा तो एंबुलेंस 108को फोन कर दिया। सूचना मिलने के एक घंटे बाद तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। जब पहुंची, तब जाकर पीडि़ता को अस्पताल नसीब हुआ।
