Headlines

पानी को लेकर हाहाकार, महीनों से खराब पड़े ब्लॉक कार्यालय के वाटर कूलर और हैंडपंप

कोंच (जालौन)।* आसमान से बरस रही आग और इस भीषण गर्मी में भी अगर सरकारी दफ्तरों में प्यास बुझाने की व्यवस्था न हो तो इससे बुरी स्थिति और क्या हो सकती है। कोंच विकास खंड कार्यालय में पिछले कई महीनों से वाटर कूलर और हैंडपंप खराब पड़े हैं जिससे पानी के लिए कार्यालय में हाहाकार मचा हुआ है। दूर दराज गांवों से आने वाले लोगों को पैसा खर्च कर बोतल बंद पानी से अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।
विकास खंड कार्यालय कोंच इस समय पानी के गंभीर संकट से जूझ रहा है। अपने कामों से कार्यालय आने वाले लोगों को प्यास बुझाने तक के लिए पानी नहीं है। ब्लॉक कार्यालय के अंदर लगा वाटर कूलर पिछले कई महीनों से खराब पड़ा है। उस पर धूल की मोटी मोटी परतें जम गई हैं लेकिन किसी जिम्मेदार को वाटर कूलर सही कराने की फुर्सत नहीं मिली है। कार्यालय के ठीक बाहर लगे हैंडपंप का भी बुरा हाल है, पिछले कई दिनों से यह खराब पड़ा है जिससे ब्लॉक कार्यालय में पानी का जबर्दस्त टोटा पड़ गया है। ब्लॉक पहुंचने वाले कर्मचारी और गांवों से आने वाले लोगों को पैसों से पानी की बोतल खरीद कर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। कर्मचारी भी पैसों से कंटेनर खरीद प्यास बुझा रहे हैं।

*क्या कहते हैं जिम्मेदार……..*
_ब्लॉक कार्यालय में व्याप्त पानी की समस्या को लेकर बीडीओ कोंच मानूलाल यादव का कहना है कि हैंडपंप ठीक कराया जा रहा है, वाटर कूलर भी जल्द ठीक कराया जाएगा जिससे लोगों को पानी की समस्या से दो चार न होना पड़े।_

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *