बसंत पंचमी पर मनाया गया झांसी महाकाली मंदिर का स्थापना दिवस
झांसी।
लक्ष्मी ताल स्थित प्राचीन महाकाली मंदिर का स्थापना दिवस बसंत पंचमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
मंदिर के प्रधान पुजारी अजय त्रिवेदी ने बताया कि बसंत पंचमी के दिन ही महाकाली मंदिर की स्थापना हुई थी, इसी कारण प्रतिवर्ष इस दिन विशेष आयोजन किया जाता है। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर महाकाली मंदिर में दर्शन के लिए दिनभर भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। मंदिर परिसर “जय मां काली” के जयकारों से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बसंत पंचमी पर मनाया गया झांसी महाकाली मंदिर का स्थापना दिवस
