Headlines

भाजपा ने आपातकाल की 48वीं बरसी को मनाया ‘काला दिवस’ के रूप में, रिपोर्ट, अजय कुमार सिंह कुशवाह

इटावा।सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस में रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत की अध्यक्षता में ‘जिला संगोष्ठी’ का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जनपद प्रभारी एवं सत्यपाल सिंह एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में सदर विधायक सरिता भदौरियाउपस्थित रहीं।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सत्यपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक 21 महीने की अवधि का देश में आपातकाल घोषित किया था। तत्कालीन राष्ट्रपति फ़ख़रुद्दीन अली अहमद ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी के कहने पर भारतीय संविधान की अनुच्छेद 352 के अधीन आपातकाल की घोषणा की थी। स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह सबसे विवादास्पद और अलोकतांत्रिक कालखण्ड था। आपातकाल के बहाने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश के नागरिकों के अधिकारों का हनन किया था। न्यायपालिका में हार को इंदिरा पचा नहीं सकीं थी और देश में मात्र रेडियो पर संदेश प्रसारण के जरिये ही आपातकाल लागू कर दिया गया था। लाखों लोगों को जेल में डाल दिया गया था।
सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि आज से 48 साल पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने एक ऐसा फैसला किया था,जिसने लोकतंत्र की नींव को हिलाकर रख दिया था। उन्होंने संविधान की धारा 352 के तहत देश में आपातकाल की घोषणा कर दी थी। लोगों के मौलिक अधिकार निलंबित कर दिए गए थे। सभी प्रमुख विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया था। बिना सरकार की अनुमति के खबर छापने पर रोक लगा दी गई थी। आपातकाल के समय जनसंघ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को खोज-खोजकर जेल में डाला गया। उनके साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया था। उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी ने पद और राजनैतिक महत्वाकांक्षा के लिए आपातकाल लगाया था।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत ने कहा कि आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास के लिए किसी काले पन्‍ने से कम नहीं है। उस दिन को याद करके हर भारतीय का सर शर्म से झुक जाता है। आपातकाल के ऐलान के साथ ही नागरिकों के मौलिक अधिकार निलंबित कर दिए गए थे। लोगों को अभिव्यक्ति और जीवन का अधिकार भी नहीं रह गया था। 25 जून की रात से ही देश में विपक्ष के नेताओं की गिरफ्तारियों का दौर शुरू हो गया था। जयप्रकाश नारायण,अटल बिहारी वाजपेयी,लालकृष्ण आडवाणी,जॉर्ज फर्नांडीस सरीखे बड़े नेताओं को जेल में ठूंस दिया गया था।
इस संगोष्ठी में पूर्व जिलाध्यक्ष अजय धाकरे,पूर्व प्रत्याशी सिद्धार्थ शंकर दोहरे,जिला महामंत्री अन्नू गुप्ता,प्रशांत राव चौबे,कोषाध्यक्ष संजीव भदौरिया, जिला मीडिया प्रभारी रोहित शाक्य,चकरनगर ब्लॉक प्रमुख राकेश,महिला मोर्चा अध्यक्ष विरला शाक्य,ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष मुनेश बघेल सहित अन्य बीजेपी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
– रिपोर्ट, अजय कुमार सिंह कुशवाहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *