माता-पिता अपनी बेटियों को अवश्य लगवाएं एचपीवी वैक्सीन– सीएमओ

कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा जनपद में शुरू हुए एचपीवी टीकाकरण से संबंधित प्रेस विज्ञप्ति

*कैंसर रोकथाम हेतु झांसी में शुरू हुआ बेटियों का एचपीवी टीकाकरण*

*माता-पिता अपनी बेटियों को अवश्य लगवाएं एचपीवी वैक्सीन– सीएमओ*

*बच्चेदानी के कैंसर से बचाव हेतु आवश्यक है वैक्सीन– जिला प्रतिरक्षण अधिकारी*

*जल्द ही अन्य चिकित्सा इकाइयों पर भी शुरू होगा एचपीवी टीकाकरण*

*झांसी दिनांक 30 मार्च 2026*

सर्वाइकल कैंसर अथवा बच्चेदानी के कैंसर की रोकथाम हेतु विकसित की गई एचपीवी वैक्सीन का टीकाकरण जनपद झांसी में शुरू हो गया है। जिला महिला चिकित्सालय में किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाकर अभियान की शुरुआत डॉ सुधाकर पांडेय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा की गई।
अभियान के उद्घाटन के अवसर पर डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि नेशनल कैंसर रजिस्ट्री प्रोग्राम -आईसीएमआर की वर्ष 2022 की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में स्तन कैंसर के बाद महिलाओं में सर्वाधिक पाया जाने वाला दूसरा कैंसर सर्वाइकल कैंसर है। लगभग 99.7 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर का कारण ह्युमन पेपिलोमा वायरस है, जिसकी रोकथाम हेतु एचपीवी वैक्सीन विकसित की गई है। यह वैक्सीन क्वाड्रिवैलेण्ट वैक्सीन है अर्थात यह वैक्सीन ह्युमन पेपिलोमा वायरस के 4 सर्वाधिक घातक स्वरूप टाइप 6, 11, 16 और 18 पर असरदार है। वैश्विक स्तर पर 77% तथा भारत में 83% सर्वाइकल कैंसर के लिए टाइप एचपीवी 16 और टाइप एचपीवी 18 उत्तरदायी हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार विश्व के 162 देशों में एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। दक्षिण पूर्व एशिया में 11 में से 9 देशों में एचपीवी टीकाकरण हो रहा है। अब भारत में भी टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। भारत सहित 87 देशों में सिंगल डोज वैक्सीन लगाई जा रही है। सभी माता-पिता एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि जिनकी बेटियों 14 वर्ष आयु पूर्ण कर चुकी हैं एवं 15वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है, उन सभी बेटियों को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं, जिससे भविष्य में उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित किया जा सके।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर ने बताया कि अभी जिला महिला चिकित्सालय में ही टीका लगाया जा रहा है। शीघ्र ही ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर भी यह टीका उपलब्ध करा दिया जाएगा। ब्लॉक स्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों की निगरानी में यह टीका किशोरियों को लगाया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधीक्षक को व प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को पूर्व में ही प्रशिक्षित किया जा चुका है।
जिला महिला चिकित्सालय में टीकाकरण सत्र पर सीपी मिशन कंपाउंड की रहने वाली कु0 रिद्धि पुत्री श्री उदयभान पटेल एवं कु0 मंशा निवासी मानिक चौक ने एचपीवी की वैक्सीन लगवाई। वैक्सीन लग जाने के बाद किशोरियों को टीकाकरण सर्टिफिकेट भी प्रदान किया गया।

उद्घाटन के अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर, सीएमएस जिला महिला चिकित्सालय डॉ राजनारायण, एसएमओ डब्ल्यूएचओ डॉ जूही सूलिया , स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ विजयश्री शुक्ला, अपर शोध अधिकारी श्री लाखन सिंह, यूएनडीपी से श्री चन्द्र भूषण, श्री शिवेंद्र सिंह, यूनिसेफ से श्री अर्जुन शर्मा, श्री रामकिशोर, एलएचवी श्रीमती मीरा सोनकर, श्री बिपुल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *