कोंच । किसानों को उनकी उपज का बाजिव मूल्य दिलाने की गरज से सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य घोषित करने के बाद सरकारी क्रय केन्द्र भी खोले हैं ताकि किसानों को अपनी धान बेचने में दिक्क्त न हो लेकिन कोंच गल्ला मंडी में स्थापित किया गया एकमात्र क्रय केन्द्र मंगलवार को बंद मिला जो किसानों और सरकारी व्यवस्था को मुंह चिढा रहा है। यहां पिछले डेढ माह में एक दाना भी धान की खरीद नहीं हुई है और इसके अक्सर बंद रहने की शिकायतें किसानों की ओर से आती रहीं हैं जिसके चलते मंगलवार को स्थिति का जायजा लेने पहुंचे संवाददाता को भी केन्द्र में ताला लटका मिला।
कोंच गल्ला मंडी में धान क्रय केन्द्र की स्थापना की गई है, धान का समर्थन मूल्य 1750 तथा सुपर का 1770 निर्धारित किया गया है। सरकारी आदेशों के मुताबिक पहली अक्टूवर से जगह जगह क्रय केन्द्र खोले गये हैं। कोंच केन्द्र को लेकर किसानों की शिकायत है कि यह केन्द्र अक्सर बंद ही रहता है।
मंगलवार को संवाददाता ने जब स्थिति का जायजा लिया तो केन्द्र में ताला पड़ा मिला। वहां न तो कोई बैनर टंगा मिला और न ही इसके बंद होने का कारण पता चल सका। गौरतलब यह भी है कि पिछले डेढ माह के दौरान एक दाना भी धान की खरीद इस क्रय केन्द्र पर नहीं की जा सकी है। इस संबंध में डिप्टी आरएमओ विकास तिवारी का कहना है कि केन्द्र प्रभारी से जबाब तलब किया जायेगा और जबाब संतोषजनक नहीं होने पर समुचित कार्यवाही की जायेगी।
