दिल्ली। राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीख बदल दी गई है. पहले 23 नवंबर को एक चरण में चुनाव होना तय किया गया था. अब इसे बदलकर 25 नवंबर कर दिया गया है. हालांकि, मतदान एक ही चरण में होगा. चुनाव का नतीजा 03 दिसंबर को आएगा.
दरअसल, भारत निर्वाचन आयोग ने राजस्थान सहित पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था. राजस्थान में एक चरण में वोटिंग की तारीख 23 नवंबर तय की गई थी. मगर, तारीख की ऐलान होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग को विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों सहित विभिन्न मीडिया प्लेटफार्मों ने चुनाव की तारीख को लेकर अपनी बात रखी थी.
बताया गया था कि 23 नवंबर को राजस्थान में बड़े पैमाने पर विवाह समारोह होने जा रहे हैं. ऐसे में लोगों को असुविधा होगी. वाहनों को कमी सामने आएगी और ऐसे में वोटिंग पर भी असर पड़ सकता है. आयोग ने इस बात पर विचार किया और मतदान की तारीख में बदलाव करते हुए उसे 23 नवंबर की जगह 25 नवंबर कर दिया है.
