नई दिल्ली 15 मार्चः आज तक न्यूज चैनल की माने तो अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत की जांच पूरी होने के बाद हकीकत सामने आ सकती है। दुबई के अधिकारी से हुयी बातचीत के बाद यह दावा किया जा रहा है।
दुबई पुलिस असिस्टेंट कमांडर जनरल अब्दुल खादूस अबदैली का कहना है कि श्रीदेवी की डिटेल्ड पोस्टमार्टम रिपोर्ट जांच पूरी होने के बाद जल्द सामने आएगी. इस मामले में तमाम छानबीन पूरी कर ली गई है. ये रिपोर्ट घटना की स्थिीति पर आधारित है.
बता दें कि पहले डेथ सर्टिीफिकेट में बताया गया था कि श्रीदेवी की मौत बाथटब में डूबने से हुईं. उनके शरीर में अल्कोहल की मात्रा भी पाई गई थी.
श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी को दुबई के एक होटल में हो गया था. वह अपने भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ दुबई गई थीं.
हालांकि शादी के बाद बोनी और खुशी भारत लौट आए थे, पर शॉपिंग और दूसरे कामों के लिए श्रीदेवी वहीं रुक गई थीं. जिस शाम यह घटना हुई, बोनी उन्हें सरप्राइज डिनर देने दुबई पहुंचे थे. डिनर पर जाने से पहले दुर्घटनावश बाथटब में डूबने से उनकी मौत हो गई थी. अचानक मौत से बॉलीवुड समेत श्रीदेवी के तमाम प्रशंसक हैरान और दुखी हो गए थे. इस मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय पहले ही कह चुका है कि एक्ट्रेस की मौत में कुछ भी संदिग्ध नहीं है.
