नई दिल्ली 22 फरवरीः एनसीपी नेता शरद पवार ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। पवार ने कहा कि सोनिया गांधी 1999 मे प्रधानमंत्री बनना चाहती थी, इसलिये उन्हांेने कांग्रेस को छोड़ दिया था।
उन्होंने इस घटना को याद किया और बताया, ‘मैं घर पर था और मीडिया रिपोर्ट से पता चला कि सोनिया गांधी सरकार बनाने का दावा पेश करने जा रही हैं. पीएम पद के लिए मनमोहन सिंह या मैं उचित दावेदार थे. उसी समय मैंने कांग्रेस छोड़ने का फैसला कर लिया.’
150 मिनट चली इस मुलाकात में राज ठाकरे ने शरद पवार के 50 साल के राजकीय, सामाजिक, कृषि, खेल और सांस्कृतिक जीवन के सफर के बारे में जानने की कोशिश की. वैसे देखा जाए, तो नवंबर 2017 में इस विशेष बातचीत की घोषणा BVG ग्रुप के फाउंडर डायरेक्टर हनुमंत गायकवाड़ ने की थी. यह मुलाकात छह जनवरी को होने वाली थी, लेकिन भीमा कोरेगांव हिंसा की वजह से कुछ समय के लिए इसको रद्द कर दिया गया था.
दबाव महसूस कर रहे थे ठाकरे
यह बहुचर्चित मुलाकात पुणे के BMCC कॉलेज के मैदान पर हुई. इसका आयोजन जागतिक मराठी अकादमी द्वारा किया गया. इस दौरान ‘शोध मराठी मन का’ विषय पर चर्चा हुई. राज ठाकरे की शैली और दो टूक बात करने का अंदाज काफी लोगों को पसंद आया. युवा नेता राज ठाकरे ने वरिष्ठ नेता शरद पवार का हाथ पकड़कर उनको मंच पर लाए. राज ठाकरे ने बातचीत की शुरुआत में ही स्पष्ट कर दिया कि आज वो बहुत दबाव महसूस कर रहे हैं. इसकी वजह उन्होंने जेनेरशन गैप बताया.
