Headlines

इस्कॉन झांसी द्वारा भव्य हरिनाम संकीर्तन शोभा यात्रा का आयोजन

**इस्कॉन झांसी द्वारा भव्य हरिनाम संकीर्तन शोभा यात्रा का आयोजन**

झांसी, 1 मार्च (रविवार):
कलियुग में भगवान के पवित्र नाम का संकीर्तन ही सर्वश्रेष्ठ धर्म और मुक्ति का सरल मार्ग बताया गया है। हरिनाम संकीर्तन से न केवल व्यक्ति का हृदय शुद्ध होता है, बल्कि सम्पूर्ण वातावरण दिव्य और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो जाता है। इसी उद्देश्य से इस्कॉन झांसी द्वारा रविवार, 1 मार्च को दोपहर 3 बजे भव्य हरिनाम संकीर्तन शोभा यात्रा का आयोजन किया गया।

यह शोभा यात्रा कचहरी चौराहा से प्रारंभ होकर सदर चौराहा, नवभारत, शर्मा स्वीट्स, पुष्प वाटिका एवं भोलेनाथ स्वीट्स होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई सम्पन्न हुई। संकीर्तन के दौरान सैकड़ों भक्तों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भक्तों की टोली में प्रभुजनों और माताजी ने मिलकर मधुर कीर्तन किया। कीर्तन के दौरान करताल और मृदंग की गूंज ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना दिया। भक्तगण भगवान के पवित्र नाम का उच्चारण करते हुए आनंदपूर्वक नृत्य कर रहे थे, जिससे नगरवासियों में भी अपार उत्साह और आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ।

यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर हरिनाम संकीर्तन शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंदिर अध्यक्ष ब्रजभूमि दास, उपाध्यक्ष व्रजजन रंजन दास एवं प्रिय गोविंद दास, दामोदर बंधु दास ,अजय अग्रवाल और पीयूष रावत ने मधुर संकीर्तन का नेतृत्व किया।

संध्या 6 बजे शोभा यात्रा पुनः मंदिर प्रांगण में पहुँची। उसके उपरांत श्रीमान श्री केशव प्रभु द्वारा प्रेरणादायक कथा का वाचन किया गया, जिसे उपस्थित सभी भक्तों ने अत्यंत श्रद्धा और भाव से सुना। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए प्रसाद वितरण किया गया।

इस्कॉन झांसी समय-समय पर ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में भक्ति, सदाचार एवं श्रीहरि नाम के प्रचार-प्रसार का कार्य करता रहता है।

**– इस्कॉन झांसी**

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *