झाँसी में 30 अप्रैल को होगा पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर जी महामुनिराज का मंगल प्रवेश

• झाँसी में 30 अप्रैल को होगा पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर जी महामुनिराज का मंगल प्रवेश

• हजारों श्रद्धालु कानपुर चुंगी पर करेंगे भव्य आगवानी

• सुप्रचीन जैन तीर्थ करगुंवाजी तक निकलेगी विशाल शोभायात्रा

• प्रातः 8:30 बजे होगा पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए मुख्य पात्रों का चयन

• दोपहर 02 बजे मनाया जाएगा प्रथम पट्टाचार्य पदारोहण महोत्सव

• आगामी 12 से 17 मई तक होगा श्रीमज़्जिनेंद्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव’
• मुख्य अतिथि के रूप में देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की प्रबल संभावना

झाँसी: संपूर्ण महानगर एवं बुंदेलखंड के लिए यह अत्यंत हर्ष और सौभाग्य का विषय है कि भारत देश के सर्वमान्य दिगम्बराचार्य पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर जी महामुनिराज ससंघ का महानगर में मंगल पदार्पण होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देने हेतु मंगलवार को श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र सांवलिया पार्श्वनाथ करगुंवाजी में ‘श्री पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति, झाँसी’ द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता श्री शैलेन्द्र जैन ‘प्रेस’ ने बताया कि आगामी 30 अप्रैल 2026 को आचार्य श्री ससंघ का झाँसी की पावन धरा पर मंगल प्रवेश होगा। हजारों श्रद्धालु कानपुर चुंगी पर उनकी भव्य आगवानी करेगें। तत्पश्चात बैंड बाजों, घोड़े बग्घियों आदि के साथ विशाल शोभायात्रा यूनिवर्सिटी मेडीकल कॉलेज गेट नं 2 से होकर सुप्रचीन जैन तीर्थ स्थल करगुंवाजी पहुंचेगी।
पंचायत अध्यक्ष अजित कुमार जैन ने बताया कि प्रातः 08 बजे आचार्य श्री के मंगल सान्निध्य में मूलनायक सांवलिया पार्श्वनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक एवं विश्व शांति की मंगलकामना के साथ शांतिधारा सम्पन्न होगी।
पंचकल्याणक महोत्सव के कार्याध्यक्ष कैलाशचंद जैन वर्धमान ने बताया कि प्रातः 8:30 बजे आचार्य श्री के मंगल सान्निध्य में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए मुख्य पात्रों का चयन होगा।
महामंत्री सौरभ जैन सर्वज्ञ ने बताया कि दोपहर 02 बजे इसी पावन अवसर पर प्रथम पट्टाचार्य पदारोहण महोत्सव का ऐतिहासिक आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें पूज्य आचार्य श्री के चरणों में  सकल जैन समाज द्वारा प्रशस्ति पत्र भेंट करके एक नई उपाधि से अलंकृत किया जाएगा।
पंचायत महामंत्री वरुण जैन के अनुसार इस अवसर पर आचार्य श्री विशुद्धसागर जी महाराज द्वारा रचित समय देशना ग्रंथ के 17 भागों का विमोचन उनके परम भक्तों द्वारा किया जाएगा।
भगवान महावीर लोक कल्याण समिति के अध्यक्ष ललित जैन के अनुसार देश से विभिन्न राजनीतिक दलों के जैन विधायक /सांसद आदि जनप्रतिनिधिगण पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में आयेंगे। इस अद्वितीय समारोह में भाग लेने और गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए झांसी, बुन्देलखण्ड के साथ साथ देश के कोने-कोने से श्रद्धालु झाँसी पहुंचेंगे।
मुख्य सलाहकार डॉ जिनेन्द्र जैन ने बताया कि पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की प्रबल संभावना हैं।
समिति के महामंत्री श्री सौरभ जैन ‘सर्वज्ञ’ ने मीडिया को आगे की रूपरेखा से अवगत कराते हुए बताया कि पदारोहण महोत्सव के पश्चात महानगर में 12 मई से 17 मई 2026 तक ‘श्री पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव’ का अलौकिक और भव्य आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव जैन धर्म के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठानों में से एक है, जिसमें तीर्थंकर भगवान के गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान और मोक्ष कल्याणक (पंचकल्याणक)
अत्यंत भक्ति-भाव और भव्यता के साथ मनाए जाएंगे।
प्रचार मंत्री एंजि. अतिशय जैन ने बताया कि इन सभी कार्यक्रमों की तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री दिगम्बर जैन पंचायत समिति, श्री भगवान महावीर लोक कल्याण समिति, श्री पावागिरी शिक्षण संस्थान एवं सकल दिगम्बर जैन समाज झाँसी के समस्त संगठनों द्वारा निरंतर विशेष सहयोग प्रदान किया जा रहा है। मीडिया के माध्यम से झाँसी और आसपास के सभी धर्मप्रेमियों एवं आम जनमानस से अपील की है कि इन ऐतिहासिक आयोजनों में सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ अवश्य लें।
• ऐतिहासिक क्षण: दिगम्बराचार्य पट्टाचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी महामुनिराज को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ‘राजकीय अतिथि’ का दर्जा
पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र जैन प्रेस ने बताया कि समस्त जैन समाज के लिए एक अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण में, उत्तर प्रदेश सरकार ने भारत के सर्वमान्य दिगम्बराचार्य पट्टाचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी महामुनिराज को ‘राजकीय अतिथि’ (State Guest) के सम्मान से अलंकृत किया है। उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लिया गया यह निर्णय गुरुदेव की तपस्या और उनके द्वारा दिए जा रहे अहिंसा एवं करुणा के संदेश के प्रति राज्य का विनम्र नमन है।
यह सम्मान केवल एक राजकीय पदवी नहीं है, बल्कि यह दिगंबर साधु चर्या, उनकी कठोर साधना और गुरुदेव के ओजस्वी व्यक्तित्व का सम्मान है। इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद से संपूर्ण भारतवर्ष के जैन समाज में हर्ष और उल्लास की लहर है।
अथक प्रयासों और समन्वय का सुखद परिणाम
इस अभूतपूर्व उपलब्धि के पीछे समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधि की अटूट भक्ति व सार्थक प्रयासों की एक लंबी श्रृंखला रही है। झाँसी महानगर के माननीय विधायक रवि शर्मा जी के माध्यम से गुरुदेव को यह सम्मान दिलाने का प्रस्ताव सरकार के समक्ष मजबूती से रखा गया।
‘श्री पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति, झाँसी’ के ऊर्जावान महामंत्री श्री सौरभ जैन ‘सर्वज्ञ’ जी द्वारा शासन को प्रेषित लिखित निवेदन और उनकी निरंतर पैरवी ने इस कार्य को सफल बनाने में मुख्य भूमिका निभाई। इस पुनीत कार्य में ‘श्री दिगम्बर जैन पंचायत समिति, झाँसी’ के ऑडिटर श्री राजकुमार भण्डारी जी के सार्थक एवं समर्पित प्रयास मील का पत्थर सिद्ध हुए।
समाज के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी तथा विधायक श्री रवि शर्मा जी के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर श्री पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के मुख्य समन्वयक खुशाल जैन, उपाध्यक्ष अशोक जैन रतनसेल्स, अतुल जैन सर, वरिष्ठ महामंत्री दिनेश जैन डीके, डॉ राजीव जैन, मुख्य कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन बक्सा, कोषाध्यक्ष देवेन्द्र जैन एलआईसी, ऑडिटर प्रभात जैन कुंजबिहारी, संयोजक प्रदीप जैन वर्धमान, एंजि. संजय जैन महोबा, मुकेश जैन वीडियो, प्रबंधक आशीष जैन सोनू ने उपस्थित समस्त पत्रकार बंधुओं को धर्मपट्टिका पहनाकर अभिनंदन किया।
संचालन महामंत्री सौरभ जैन सर्वज्ञ एवं आभार मुख्य सलाहकार डॉ जिनेन्द्र जैन ने व्यक्त किया।

::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *