दतिया स्टेशन पर किलाबंदी चेकिंग अभियान, 141 अनियमित यात्री पकड़े गए
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन में एवं सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आज दिनांक 06 मई 2026 को दतिया स्टेशन पर किलाबंदी चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनबुक्ड लगेज ले जाने वाले, गंदगी फैलाने वाले तथा अन्य अनियमितताओं में लिप्त यात्रियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त दतिया स्टेशन के वेटिंग रूम एवं दतिया स्टेशन से गुजरने वाली सभी गाड़ियों के दिव्यांग एवं महिला कोचों को मुख्य रूप से जांचा गया | चेकिंग के दौरान कुल 141 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे ₹76,180 का जुर्माना वसूल किया गया।
इस अभियान में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव, चेकिंग स्टाफ से मुख्य टिकट निरीक्षक श्री आसिफ अली, ताज अब्बास, संजीव त्रिपाठी, नीलम सिंह, ज्योतिका साहू, कविता अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैध टिकट के साथ यात्रा करें एवं रेलवे नियमों का पालन करते हुए स्वच्छता बनाए रखें, जिससे सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।
