*झांसी मंडल की बड़ी कार्रवाई : सघन टिकट जांच अभियानों से बिना टिकट यात्रियों एवं अनधिकृत वेंडरों में हड़कंप*
*निरंतर अभियान चलाकर लाखों रुपये का रेल राजस्व वसूला, गुणवत्ता विहीन खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई*
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के नेतृत्व में झांसी मंडल में यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के अंतर्गत बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों तथा अनधिकृत वेंडरों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर कठोर कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 01.05.2026 से 10.05.2026 तक चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियानों के दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेलखंडों पर उल्लेखनीय कार्रवाई की गई।
दिनांक 05.05.2026 को ग्वालियर स्टेशन पर चलाए गए विशेष अभियान में 110 अनियमित यात्री पकड़े गए, जिनसे ₹65,200/- जुर्माना वसूला गया। इसी दिन रेलवे मजिस्ट्रेट बांदा के नेतृत्व में बांदा–मानिकपुर रेलखंड पर चलाए गए वृहद जांच अभियान में 74 अनियमित यात्रियों से ₹34,700/- का जुर्माना वसूला गया।
दिनांक 07.05.2026 को महोबा स्टेशन पर चलाए गए सघन जांच अभियान में 208 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें ₹1,25,065/- से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
उक्त अवधि में मंडल के विभिन्न रेलखंडों जैसे बांदा–महोबा, बांदा–चित्रकूट, झांसी–ग्वालियर, उरई–चिरगांव, उरई–भीमसेन, उरई–कानपुर, उरई–एट–पुखरायां, खजुराहो–ललितपुर, खजुराहो–टीकमगढ़, खजुराहो–खरगापुर, ग्वालियर–भिंड तथा ग्वालियर–कैलारस में भी निरंतर जांच अभियान संचालित किए गए, जिनमें 475 अनियमित यात्रियों से लगभग ₹2.5 लाख का रेल राजस्व वसूला गया।
इसी क्रम में दिनांक 05.05.2026 को झांसी–मऊरानीपुर–झांसी रेलखंड पर वृहद स्तर पर चलाए गए विशेष जांच अभियान में 140 बिना टिकट यात्री पकड़े गए, जिनसे ₹80,105/- का जुर्माना वसूला गया।
अनधिकृत वेंडरों के विरुद्ध भी झांसी मंडल द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। दिनांक 09.05.2026 को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस में 04 अनधिकृत वेंडर गुणवत्ता विहीन खाद्य सामग्री बेचते हुए पकड़े गए। संबंधित खाद्य सामग्री को तत्काल जब्त कर नष्ट किया गया तथा विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में दिनांक 11.05.2026 को भी साबरमती एक्सप्रेस में 03 अनधिकृत वेंडर गुणवत्ता विहीन खाद्य सामग्री बेचते हुए पकड़े गए। उनकी सामग्री को जब्त कर नष्ट किया गया तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
झांसी मंडल यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता, सुविधा तथा बेहतर यात्रा अनुभव के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, स्टेशन एवं ट्रेन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें तथा खाद्य सामग्री केवल रेलवे द्वारा अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। यात्रियों का सहयोग ही सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित कर सकता है।
