झांसी पहुंचे धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री, शंकराचार्य के बयान पर दिया जवाब; बद्रीनाथ कथा से लौटे बागेश्वर धाम पीठाधीश

झांसी। उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में कथा सम्पन्न करने के बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ट्रेन से झांसी रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

पत्रकारों द्वारा जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के उस बयान के संबंध में पूछे गए सवाल पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि “बुलडोजर चलाने वाला साधु नहीं होता”, पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि संत समाज का मूल उद्देश्य विश्व शांति, धर्म की रक्षा और समाज को सही दिशा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और धर्महित सर्वोपरि हैं तथा सभी को समाज में सौहार्द और सद्भाव बनाए रखने के लिए कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति विश्व को एकता और शांति का संदेश देती है तथा संतों का कर्तव्य समाज को जोड़ना और लोगों को आध्यात्मिक मार्ग पर प्रेरित करना है। इस दौरान उनके समर्थकों की भी रेलवे स्टेशन परिसर में काफी भीड़ देखने को मिली।

झांसी आगमन के दौरान बागेश्वर धाम पीठाधीश का अनुयायियों ने स्वागत किया। पत्रकार वार्ता के बाद वह अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *