Headlines

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में रेलवे एवं निजी कंपनी कर्मचारियों का डीआरएम कार्यालय पर प्रदर्शन

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में रेलवे एवं निजी कंपनी कर्मचारियों का डीआरएम कार्यालय पर प्रदर्शन, बकाया वेतन भुगतान की मांग

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में रेलवे एवं विभिन्न निजी कंपनियों के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “शोषण बंद करो”, “रेलवे एवं कंपनी निजी कर्मचारियों को न्याय दो” जैसे नारे लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कर्मचारियों का 3 माह 15 दिन (साढ़े तीन माह) का वेतन लंबित है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने बकाया वेतन का तत्काल एकमुश्त भुगतान करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन लागू करने, समय पर वेतन भुगतान की गारंटी सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों के मानसिक एवं आर्थिक शोषण पर रोक लगाने की मांग उठाई।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि मेहनतकश कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है। यदि श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कर्मचारियों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान “रोटी, कपड़ा और मकान, वेतन है मजदूर की जान”, “शोषण का अब खेल न रहेगा, मजदूर अब चुपचाप नहीं सहेगा” तथा “जब तक वेतन नहीं, तब तक चैन नहीं – हमारा हक, हमारा वेतन” जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *