मुंबई की फास्ट लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास कोच में सीट और बारिश के दौरान दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय मयंक रमेश लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना अंधेरी से बोरीवली के बीच हुई. वारदात के बाद आरोपी ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही उतरकर फरार हो गया
मुंबई से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां बारिश के दौरान दरवाजा बंद करने और सीट विवाद को लेकर फास्ट मुंबई लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में एक युवक की हत्या कर दी गई. हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेन रुकने से पहले ही फरार हो गया. इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी की तलाश में जुट गई है.
चलती ट्रेन में हत्या से यात्रियों में दहशत
बोरीवली जीआरपी पुलिस के अनुसार बारिश के चलते दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक शख्स में अपने साथ लाए हुए चाकू से मयंक रमेश लोहार नामक शख्स की चाकू से मार कर हत्या कर दी. फिलहाल इस पूरे मामले में जीआरपी बोरीवली की तरफ से मामला दर्ज किया गया है और आरोपी की पहचान की जा रही है. हत्या के बाद से ही आरोपी फरार है.
जीआरपी के मुताबिक पीड़ित 22 वर्षीय मयंक लोहार और आरोपी ने अंधेरी से ट्रेन पकड़ी और वे एक ही फर्स्ट-क्लास कोच में यात्रा कर रहे थे. खबरों के मुताबिक तेज़ बारिश के दौरान कोच का दरवाज़ा बंद करने को लेकर दोनों यात्रियों के बीच बहस हो गई. बहस के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और मौत हो गई.
