कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के प्रशिक्षण से संबंधित जारी की गई
*10 अगस्त को जनपद के विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली*
*सभी पात्र बच्चों को खिलाएं एल्बेंडाजोल की गोली – डॉ शिशिर पुरी*
*राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन हेतु प्रशिक्षण सम्पन्न*
*झांसी, 27 जुलाई 2026।*
स्वास्थ्य विभाग झांसी द्वारा आगामी राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (10 अगस्त 2026) के सफल आयोजन के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ. शिशिर पुरी की अध्यक्षता में जनपदस्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए एल्बेंडाजोल की गोली खिलाना है, यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि पेट में कृमि होने से बच्चों में एनीमिया, कुपोषण तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी आती है। इसलिए प्रत्येक पात्र बच्चे को वर्ष में दो बार फरवरी एवं अगस्त माह में एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य खिलाई जानी चाहिए। जनपद में लगभग 10.21 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जो बच्चे 10 अगस्त को अनुपस्थित रहेंगे, उन्हें 14 अगस्त 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान सरकारी एवं निजी विद्यालयों, मदरसों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में संचालित होगा।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. के. जैन ने बताया कि नियमित डिवर्मिंग से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता, पोषण स्तर तथा सीखने की क्षमता में सुधार होता है और एनीमिया की रोकथाम में भी सहायता मिलती है।
प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. विजयश्री शुक्ला ने कृमि संक्रमण से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की आदत, स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा आयरन युक्त संतुलित आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। डीईआईसी मैनेजर डॉ. रामबाबू कुमार ने एल्बेंडाजोल की उपयोगिता एवं अभियान के सफल संचालन संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एन के जैन, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान तिवारी, डॉ आशीष अग्निहोत्री, डॉ नितिन कंसौरिया, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ विजयश्री शुक्ला, डीसीपीएम श्री प्रशांत वर्मा, डीआईसी मैनेजर डॉ रामबाबू कुमार, डीपीओ श्री दिनेश सिंह, समस्त अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, सहायक शोध अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस प्रबंधक, एविडेंस एक्शन संस्था से श्री ऋतुराज, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के प्रतिनिधि एवं समस्त सीडीपीओ उपस्थित रहे।
