संघर्ष सेवा समिति के आह्वान पर तिरंगे के रंग में रंगी झाँसी, बारिश के बीच भी गूंजे भारत माता के जयकारे

संघर्ष सेवा समिति के आह्वान पर तिरंगे के रंग में रंगी झाँसी, बारिश के बीच भी गूंजे भारत माता के जयकारे

बारिश भी नहीं रोक सकी राष्ट्रभक्ति की लहर, 300 मीटर तिरंगे के साथ झाँसी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

झाँसी। भारत की माटी में रचे-बसे त्याग, तपस्या और बलिदान की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संघर्ष सेवा समिति द्वारा शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। एस.एम. टावर, झोकन बाग से आरंभ हुई यह यात्रा राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। आसमान से बरसती तेज फुहारें भी देशभक्ति के ज्वार को थाम नहीं सकीं और यात्रा पूरे उत्साह के साथ अनवरत आगे बढ़ती रही।

यात्रा में 300 मीटर लंबा विशाल तिरंगा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने इस विराट ध्वज को हाथों में थामकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया। लगभग आधा दर्जन विद्यालयों के विद्यार्थी यात्रा में शामिल हुए और उनकी उपस्थिति ने पूरे आयोजन को अद्भुत जीवंतता प्रदान की। यात्रा में आदर्श इंटर कॉलेज, जवाहर पब्लिक इंटर कॉलेज का विशेष योगदान रहा।

इतिहास के पन्ने सड़कों पर हुए साकार

तिरंगा यात्रा में छात्र-छात्राएं वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, महात्मा गांधी, क्रांतिकारियों, भारतीय सैनिकों तथा अंग्रेजी सेना के पात्रों के स्वरूप में घोड़े और बग्घियों पर सवार होकर शामिल हुए। मानो स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के स्वर्णिम पृष्ठ एक बार फिर झाँसी की सड़कों पर जीवंत हो उठे हों।

घोड़े और बग्घियों पर सजे वीर-वीरांगनाओं के स्वरूप तथा हाथों में लहराता विशाल तिरंगा राहगीरों और नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। बच्चों ने अपने भाव-भंगिमाओं और वेशभूषा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवगाथा को नई पीढ़ी के समक्ष सजीव कर दिया।

भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर

यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और देशभक्ति के विभिन्न नारों से झाँसी का वातावरण गुंजायमान रहा। देशभक्ति गीतों ने वातावरण में और अधिक ऊर्जा का संचार किया। यात्रा मार्ग में अनेक स्थानों पर सामाजिक संगठनों और राष्ट्रप्रेमी नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया गया।

बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। बूंदों की रिमझिम और कहीं-कहीं तेज बारिश के बीच भी तिरंगा यात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ती रही। इस दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े नागरिकों ने तिरंगे को नमन करते हुए यात्रा का उत्साहवर्धन किया।

जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़ाया उत्साह

तिरंगा यात्रा में झाँसी सदर विधायक रवि शर्मा, पूर्व मंत्री रविन्द्र शुक्ला, सपा नेता अरविंद वशिष्ठ, संतराम पेंटर, घनश्याम कोरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संघर्ष सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने यात्रा की व्यवस्थाओं को संभाला।

यात्रा एस.एम. टावर, झोकन बाग से प्रारंभ होकर गोविंद चौराहा, सैयर गेट, मिनर्वा चौराहा, रानी महल, बड़ा बाजार और सिंधी तिराहा होते हुए लक्ष्मी व्यायाम मंदिर प्रांगण पहुँची, जहाँ यात्रा का समापन के साथ सभी ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।

राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता का संदेश

संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि तिरंगा यात्रा महज एक आयोजन नहीं, बल्कि उन अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है, जिनके त्याग और बलिदान से देश को स्वतंत्रता मिली। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना तथा उनके हृदय में देशप्रेम की भावना को और प्रखर करना है।

भव्य तिरंगे की छत्रछाया में निकली यह यात्रा झाँसी की धरती पर राष्ट्रभक्ति, एकता और अखंडता का ऐसा संदेश छोड़ गई, जिसकी गूंज बारिश की बूंदों के बीच भी देर तक सुनाई देती रही। विशाल तिरंगा यात्रा को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। यात्रा मार्ग पर पुलिस एवं यातायात कर्मियों की मुस्तैदी के चलते यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला गया और हजारों प्रतिभागियों की मौजूदगी के बावजूद यात्रा निर्विघ्न आगे बढ़ती रही। संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जवाहर इंटर कॉलेज के प्रबंधक अभय अग्रवाल, आदर्श इंटर कॉलेज के प्रबंधक संजीव विश्वकर्मा, प्रधानाचार्य तरुण कुमार के साथ शिक्षक मनीष यादव, जय मिश्रा, मो. इज़हार, देवेन्द्र सविता, हरिनाम राठौर, संजय, अमित, आर्यन मेकअप मंत्रक डायरेक्टर हेमंत कुशवाह, सचिन दुबे, छोटे चौबे, बबुआ राजा, बंटी सेन, दीपक तिवारी, अरविंद पलया, दिनेश साहू, राजकुमार यादव, दीपक यादव, तीरथ प्रजापति, राहुल सिंह पार्षद बरुआ सागर, अमित श्रीवास्तव, विक्की राजपूत, शैलेन्द्र पाल, सचिन राजपूत, नीता माहौर, कुसुम साहू, रामजी परिहार, अनूप खरे ओरछा, मीना मसीह, साइमा खान, रिजवान खान नेहा, सरस्वती, रक्षा, पूजा, सुनीता, शबनम, सारा, वती, निखिल, भूपेंद्र यादव, काके सरदार, रानी, किशन सहित हजारों की संख्या में आमजन उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *