संतकबीरनगर में सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद के खिलाफ केस दर्ज कराने वाले युवक के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने सोमवार तड़के चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें सांसद का पीए धर्मेंद्र यादव और जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव समेत चार लोग शामिल हैं। पुलिस ने अपहृत युवक विशाल को भी सकुशल बरामद कर लिया। वह एक लग्जरी कार में मिला।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल अर्टिगा कार, 42,620 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, अपहृत युवक के हस्ताक्षर और फोटो वाले शपथ पत्र व आवेदन पत्र तथा 15 आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान अपहरण के पीछे युवक की हत्या की साजिश की बात सामने आई। आरोपियों पर युवक की हत्या कर शव अयोध्या में सरयू नदी में फेंकने की योजना बनाने का आरोप है।
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि विवाद 18 सितंबर की रात बखिरा क्षेत्र के लेडुआ-महुआ में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान शुरू हुआ था। बताया गया कि सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी एक युवक को छू गई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और सांसद की गाड़ी पर पथराव भी हुआ।
इस घटना के बाद सांसद की ओर से अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। वहीं, दूसरे पक्ष के संतोषपुर गांव निवासी विशाल ने सांसद, जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद विशाल के बड़े भाई ओमप्रकाश कुमार ने रविवार को उसके अपहरण की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने मामले में जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव, सांसद के पीए धर्मेंद्र यादव, अशोक यादव और जितेंद्र यादव के खिलाफ अपहरण और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। युवक की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं।
एसओ दिलीप सिंह और एसओजी प्रभारी रजनीश राय की संयुक्त टीम ने सर्विलांस की मदद से सोमवार तड़के कांटे के पास कार्रवाई की। पुलिस ने कार में मौजूद विशाल को बरामद करते हुए चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और बरामद सामान को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
#संत कबीरनगर
