कॉर्पोरेट चैलेंजर ट्रॉफी में BHEL और रेलवे-11 का दबदबा, अलग-अलग मुकाबलों में दर्ज की जीत

ज़ैद अली और हिम्मत सिंह चुने गए मैन ऑफ द मैच, BHEL ने टीचर्स वॉरियर्स को 6 विकेट से हराया

झांसी। कॉर्पोरेट चैलेंजर ट्रॉफी सीजन-4 के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में BHEL झांसी और रेलवे-11 की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में BHEL ने झांसी टीचर्स वॉरियर्स को 6 विकेट से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में रेलवे-11 ने BHEL को 49 रनों से शिकस्त दी।

पहले मुकाबले में टॉस के बाद बल्लेबाजी करते हुए झांसी टीचर्स वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 161 रन बनाए। टीम की ओर से राहुल गुप्ता ने 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। रवि कुशवाहा ने 39, डॉ. देवेंद्र यादव ने 27 और प्रभात यादव ने 14 रन बनाए। BHEL की ओर से अनिल पाल ने 2 विकेट, जबकि जितेंद्र कुमार और देवेंद्र निरंजन ने एक-एक विकेट हासिल किया।

162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी BHEL की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 17.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 165 रन बना लिए। टीम की ओर से ज़ैद अली ने 65 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि विवेक तिवारी ने 46 और विजय गुप्ता ने 24 रन बनाए। झांसी टीचर्स वॉरियर्स की ओर से शीलेंद्र यादव ने 2 तथा राहुल गुप्ता और केतन कुशवाह ने एक-एक विकेट लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए ज़ैद अली को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दिन के दूसरे मुकाबले में रेलवे-11 ने BHEL को 49 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रेलवे-11 ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 120 रन बनाए। टीम की ओर से सूरज यादव ने 29, निखिल कोटे ने 27 और अविनाश ने 16 रनों का योगदान दिया। BHEL की ओर से अभिषेक गुप्ता ने 3 विकेट झटके, जबकि अनिल पाल और ज़ैद अली ने 2-2 तथा जितेंद्र कुमार और देवेंद्र निरंजन ने एक-एक विकेट हासिल किया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी BHEL की टीम रेलवे-11 की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 15 ओवर में 71 रन पर ऑलआउट हो गई। BHEL की ओर से विवेक तिवारी ने 18, विकास नंदवाल ने 14 और अभिषेक गुप्ता ने 13 रन बनाए। रेलवे-11 की ओर से मनोज रायकवार, सचिन और हिम्मत सिंह ने 3-3 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि अकील ने एक विकेट हासिल किया। शानदार गेंदबाजी के लिए हिम्मत सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *