झांसी खाना पका रही एक वृद्धा पर मिट्टी के तेल से भरा डिब्बा गिर गया, जिससे वह आग की चपेट में आने से झुलस गई। यह देख बचाने पहुंचा बेटा भी आग की चपेट में आने से झुलस गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद के लहचूरा थाना क्षेत्रान्तर्गत आने वाले ग्राम भटपुरा निवासी 60 वर्षीय फूलवती पत्नी होतीलाल गुरुवार की सुबह में खाना बना रही थी। इसी दौरान ऊपर रखा मिट्टी का तेल जलते चूल्हे पर जा गिरा। जिससे अचानक आग की लपटें तेज हुई और महिला आग की चपेट में आ गयी और गम्भीर रुप से झुलस गई। माँ की चीख पुकार सुन बचाने पहुचा उसका 30 वर्षीय बेटा कामता भी झुलस गया। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोग एकत्र हो गए और उन्हें बचाते हुए मऊरानीपुर सामुदायिक केन्द्र में भर्ती कराया। जहां हालत गम्भीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।