कालपी। केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने शुक्रवार की सुबह धर्मनगरी कालपी में संक्षिप्त प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों की चर्चा करते हुये उनका जमकर उत्साह बढ़ाया।
शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे मध्यप्रदेश सरकार के हेलीकॉप्टर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रीय मंत्री स्थानीय एम.एस.बी इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर उतरीं । क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने केंद्रीय मंत्री की अगवानी की। लंबे काफिले के साथ केंद्रीय मंत्री सीधे यमुना नदी किनारे बने पी.डब्ल्यू.डी के गेस्ट हाउस में पहुंची । यहीं पर उन्होंने गोपाष्टमी के अवसर पर अन्ना घूम रही गायों को अपने हाथों से रोटियां खिलाकर कहा कि गोसेवा करने में उन्हें आनंद मिलता है। विधायक जादौन ने समीप बने महर्षि वेदव्यास मंदिर तथा यमुना मैया घाटों के बारे में उन्हें जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने आश्वस्त किया कि निकट भविष्य में पुनः कालपी आकर व्यास मंदिर के दर्शन करेंगी। विधायक के अलावा भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र द्विवेदी, नगर अध्यक्ष अमित पांडे भी उपस्थित रहे ।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री कारों के काफिले के साथ कन्नौज के लिए प्रस्थान कर गई । उप जिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला, सी.ओ सुबोध गौतम, कोतवाल सुधाकर मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरुण तिवारी, सर्वेश कुमार के अलावा भारी सुरक्षा कर्मी तैनात रहे। खुफिया तंत्र भी सक्रिय रहा। केंद्रीय मंत्री उमा भारती के प्रवास के दौरान उनका काफिला कहीं जाम में न फंस जाये इसको लेकर प्रशासन ने काफी सतर्कता बरती तथा भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी। यमुना नदी के पुल में भारी वाहनों को रोके जाने से यात्री काफी परेशान नजर आये
सुबह से ही हेलीकॉप्टर देखने वालों की भीड़ हैलीपैड पर उमड़ी ।
