कोंच (जालौन)। स्थानीय कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय में रविवार को आरोहिणी कार्यक्रम के अन्तर्गत भारत की बेटियां समान और सुरक्षित हों नामक विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गयी जिसमें उपजिलाधिकारी गुलाब सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक एलएन त्रिपाठी ने शामिल होकर छात्राओं को महिला हिंसा व उससे सुरक्षा के उपाय सहित हेल्पलाइन नम्बरों के सन्दर्भ में अवगत कराया। संगोष्ठी की शुरूआत उपजिलाधिकारी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन व पुष्प अर्पित कर की गयी, तदोपरान्त बार्डन बन्दना वर्मा सहित शिक्षिकाओं द्वारा उपजिलाधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक का स्वागत किया गया।
संगोष्ठी में उपस्थित छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के बीच बोलते हुये उपजिलाधिकारी ने कहा कि महिला हिंसा की घटना सामने आने पर कमजोरी दर्शाते हुये कभी भी चुप नहीं बैठना चाहिये बल्कि साहस के साथ आगे आकर सक्षम स्थान पर विरोध करना चाहिये तभी देश की आधी आवादी सुरक्षित रह सकेगी। प्रभारी निरीक्षक ने छात्राओं को हेल्पलाइन न.1090, 1098, 100 आदि को लेकर कहा कि कभी भी किसी प्रकार की कोई समस्या अथवा परेशानी आने पर
सम्बन्धित थाना पुलिस अथवा उक्त हेल्प लाइन नम्बरों पर तत्काल ही सूचित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाता है। संगोष्ठी का संचालन दीप्ति साहू ने किया। इस दौरान बबिता बबेले, पुष्पा याज्ञिक, विनीता वर्मा, माण्डवी देवी, कृपाशंकर राजपूत, श्यामकरन आदि उपस्थित रहे।
