कोंच (जालौन)। कृषि विकास योजना कॉल सेंटर में नौकरी के नाम पर 20 हजार रूपये की ठगी के शिकार हुये पीडि़त व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थनापत्र सौंपते हुये कार्यवाही किये जाने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले ग्राम चन्दुर्रा निवासी श्यामकिशोर
पुत्र चेतराम ने बताया कि उसने बीते समय पूर्व कृषि विकास योजना कॉल सेंटर में नौकरी के लिये आवेदन किया था जिसके बाद बीते मई माह में गाजियावाद निवासी अमर चौधरी ने उसके मोबाइल फोन पर फोन करते हुये पंजीकरण
फीस के रूप में एक हजार रूपये अपने बैंक खाते में डालने के लिये कहा और उसने उक्त रूपये खाते में डाल दिये। श्यामकिशोर ने बताया कि एक सप्ताह के उपरान्त 25 वर्ष की नौकरी का एग्रीमेंट कराये जाने के नाम पर 9500 रूपये
एवं लैपटॉप के नाम पर 9500 रूपये फिर से बैंक खाते में डालने के लिये उसके पास फोन आया जिसको लेकर उसने कुल 19 हजार रूपये अमर चौधरी के बैंक खाते में डाल दिये और अब अमर चौधरी का मोबाइल फोन बन्द जा रहा है और
खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई अता-पता नहीं चल रहा है। पीडि़त श्यामकिशोर ने पुलिस से कार्यवाही किये जाने की मांग की है।
