झांसीः घर मे मासूम को अकेला पाकर एक चोर उसका मामा बन गया। मौका देख घर का सामान साफ कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के राजमार्ग स्थित ग्राम सेसा में रहने वाला प्रमोद शर्मा ट्रक चालक है।
एक बदमाश ने मकान को उस समय निशाना बनाया, जब वह ट्रक पर था और उसकी पत्नी पार्वती खेत पर काम करने के लिए गई हुई थी। घर पर सिर्फ उसकी दो नाबालिग बच्चियां थी। जिसमें खुशबू 13 वर्ष ने बताया कि एक युवक उसके घर आया और स्वयं को उसका मामा बताने लगा। उसने खुशबू से उसकी मम्मी का नंबर लिया और थोड़ी देर बाद बोला कि मम्मी से बात हो गई है और तुम बक्सा खोल दो।
इस पर खुशबू ने बक्सा खोल दिया। युवक ने दो बक्से में रखे सोने का एक हार, झुमकी, टॉप्स, मंगलसूत्र सहित चांदी की पायल, चांदी की चूड़ी, बिछिया, 6600 नगदी निकाली और खुशबू को धमकाते हुए वहां से बाइक द्वारा भाग गया। घटना के समय उसकी छोटी बहन महक 12 वर्ष सो रही थी। बदमाश के जाने पर उसने अपने पड़ोस में जानकारी दी।
जिस पर पड़ोसी युवक ने उसकी मम्मी को फोन करके घर में हुई घटना से अवगत कराया। साथ ही यूपी डायल 100 को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में पूछताछ की। पड़ोसी ने बताया कि घर के बाहर पेशन प्रो काले रंग की बिना नंबर प्लेट की खड़ी हुई थी। ग्रामीणों ने बताया की गांव में चोरियों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है।
