अयोध्या राम मंदिर: न मोरारी जी बापू न ढोलकिया… यह शख्स है राम मंदिर का सबसे बड़ा दानवीर, कितना चंदा दिया?*
सूरत के हीरा व्यापारी लाखी परिवार ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के लिए 101 किलो सोना दान किया है. इसका इस्तेमाल अयोध्या राम मंदिर के दरवाजों पर सोने की परत चढ़ाने में किया जायेगा।
अयोध्या में आज यानी 22 जनवरी को रामलला विराजेंगे. राम मंदिर के गर्भगृह में आज दोपहर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा होगी. अयोध्या राम मंदिर पूरी तरह सजकर तैयार है और फूलों व रोशनी से जगमग. राम मंदिर का निर्माण पूरी तरह से रामभक्तों द्वारा दिए गए दान से हुआ है. राम मंदिर के निर्माण में किसी भी सरकारों ने एक पैसा नहीं दिया है. यह पूरी तरह से भक्तों के पैसों पर बना मंदिर है. राम मंदिर के निर्माण के लिए दानवीरों की फेहरिस्त बड़ी लंबी है. मगर एक शख्स ऐसा है, जिसने दान देने के मामले में बड़े-बड़े पैसे वालों को पीछे छोड़ दिया है. तो चलिए जानते हैं कि आखिर किसने राम मंदिर के लिए सबसे अधिक चंदा दिया है?
दरअसल, सूरत के हीरा व्यापारी लाखी परिवार ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के लिए 101 किलो सोना दान किया है. सूरत में बड़े हीरे कारोबारियों में से एक दिलीप कुमार वी. लाखी के परिवार ने 101 किलो सोना दान किया है, जिसका इस्तेमाल अयोध्या राम मंदिर के दरवाजों पर सोने की परत चढ़ाने में किया जाएगा. यह दान राम मंदिर ट्रस्ट को अब तक मिला सबसे बड़ा दान है. इन 101 किलो सोने का उपयोग राम मंदिर के दरवाजे, गर्भगृह, त्रिशूल, डमरू और स्तंभों को चमकाने के लिए किया जा रहा है. गर्भगृह के द्वार के साथ-साथ मंदिर के भूतल पर 14 स्वर्ण द्वार स्थापित किए गए हैं।
*करीब 68 करोड़ रुपए का दान*
मौजूदा वक्त में सोने की कीमत करीब 68 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम है. इस तरह से देखा जाए तो एक किलो सोने की कीमत करीब 68 लाख रुपए हुई और कुल 101 किलो सोने की कीमत करीब 68 करोड़ रुपए हुई. इस तरह से लाखी परिवार ने राम मंदिर को सबसे अधिक का दान दिया है. राम मंदिर को दूसरा सबसे बड़ा दान देने वाले में कथावाचक और आध्यात्मिक गुरु मोरारी बापू का नाम है, जिन्होंने राम मंदिर के लिए 11.3 करोड़ रुपये का दान दिया है. अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में बैठे उनके रामभक्त अनुयायियों ने भी अलग से 8 करोड़ रुपये का दान दिया है. वहीं, राम मंदिर निर्माण के लिए गुजरात के हीरा कारोबारी गोविंदभाई ढोलकिया ने 11 करोड़ रुपये का दान दिया है. गोविंदभाई ढोलकिया डायमंड कंपनी श्रीरामकृष्णा एक्सपोर्ट्स के मालिक हैं.
