*जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान वर्दी पहनकर मंच से इस्तीफा देने वाले उत्तराखंड पुलिस के सस्पेंड कॉन्स्टेबल शेर सिंह पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पिथौरागढ़ पुलिस ने कॉन्स्टेबल शेर सिंह को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।*
पिथौरागढ़ पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने विभागीय जांच के बाद उत्तराखंड पुलिस अधिनियम-2007 और राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 के उल्लंघन का दोषी माना है। जिसके बाद बर्खास्तगी के आदेश जारी किए हैं।
बताया कि शेर सिंह पिथौरागढ़ जिले में आरक्षी के पद पर तैनात था और पहले से निलंबित चल रहा था। हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन में वह पुलिस की वर्दी पहनकर मंच पर पहुंचा। शेर सिंह ने CJP के समर्थन में भाषण देते हुए इस्तीफा देने की घोषणा की थी। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने इसको लेकर जांच शुरू की।
कुमाऊं रेंज की आईजी निवेदिता कुकरेती ने वीडियो सामने आने के बाद कहा था कि शेर सिंह 28 जून 2026 से पिथौरागढ़ से अनुपस्थित चल रहा है। एसपी पिथौरागढ़ ने उसे नोटिस जारी किया था, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर 20 जुलाई 2026 को उसे निलंबित कर दिया गया। पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक कोंडे ने आदेश में कहा कि विभागीय जांच और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर शेर सिंह का आचरण गंभीर दुराचार की श्रेणी में पाया गया। यह उत्तराखंड पुलिस अधिनियम, 2007 तथा उत्तराखंड राज्य कर्मचारी आचरण नियमावली, 2002 के प्रावधानों का उल्लंघन है। पुलिस संगठन की अनुशासनात्मक गरिमा और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए उसे सेवा से बर्खास्त किया गया है।
