बबीना की बेटी फ्लाइंग ऑफिसर एकता गुप्ता बनीं भारतीय वायु सेना की अधिकारी

*बबीना की बेटी फ्लाइंग ऑफिसर एकता गुप्ता बनीं भारतीय वायु सेना की अधिकारी, नेविगेशन शाखा में ओवरऑल मेरिट में प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया झांसी का गौरव*

झांसी जनपद एवं बबीना क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व एवं हर्ष का विषय है कि बबीना कैंट की प्रतिभाशाली बेटी फ्लाइंग ऑफिसर एकता गुप्ता ने भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित एयर फोर्स अकादमी, डुंडीगल (हैदराबाद) से कमीशन प्राप्त कर भारतीय वायु सेना की फ्लाइंग (नेविगेशन) शाखा में अधिकारी के रूप में राष्ट्र सेवा का गौरवपूर्ण दायित्व संभाला है।

13 जून 26 को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड की समीक्षा एवं सलामी भारत के माननीय रक्षा मंत्री द्वारा ली गई। इस अवसर पर फ्लाइंग ऑफिसर एकता गुप्ता ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए नेविगेशन शाखा में ओवरऑल मेरिट में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा उन्हें इस उपलब्धि के लिए प्रतिष्ठित President’s Plaque for Standing First in Overall Merit – Navigation Branch से सम्मानित किया गया।

फ्लाइंग ऑफिसर एकता गुप्ता, श्रीमती प्रीती गुप्ता एवं श्री जय कुमार गुप्ता की सुपुत्री हैं। उनके पिता स्टेशन रोड, बबीना कैंट में एक सम्मानित व्यवसायी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने अपनी पुत्री के सपनों को साकार करने में हर संभव सहयोग प्रदान किया, जिसका परिणाम आज पूरे क्षेत्र के सामने एक प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में है।

एकता गुप्ता ने अपनी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, बबीना से प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने रीजनल कॉलेज ऑफ एजुकेशन, अजमेर से बी.एससी.-बी.एड. की शिक्षा पूर्ण की। छात्र जीवन से ही उनका लक्ष्य भारतीय वायु सेना में अधिकारी बनकर राष्ट्र सेवा करना था, जिसे उन्होंने अथक परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर साकार कर दिखाया।

एक छोटे व्यवसायी परिवार से निकलकर भारतीय वायु सेना में अधिकारी बनना और नेविगेशन शाखा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति पट्टिका (President’s Plaque) प्राप्त करना न केवल उनके परिवार बल्कि सम्पूर्ण झांसी जनपद, बबीना क्षेत्र एवं बुन्देलखंड के लिए गौरव का विषय है। उनकी यह सफलता क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा यह संदेश देती है कि लगन और मेहनत से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।

झांसी के पूर्व सैनिकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने फ्लाइंग ऑफिसर एकता गुप्ता एवं उनके परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, सफल सैन्य जीवन एवं राष्ट्र सेवा में उत्कृष्ट योगदान की शुभकामनाएँ दी हैं।

बबीना की बेटी फ्लाइंग ऑफिसर एकता गुप्ता ने अपनी असाधारण उपलब्धि से न केवल अपने माता-पिता का बल्कि सम्पूर्ण झांसी जनपद और बुन्देलखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *