Headlines

बबीना विधानसभा में 2027 की तैयारी को लेकर वृहद बैठक सम्पन्न, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प

झाँसी। आज 08-09-2026 आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बबीना विधानसभा क्षेत्र में अपनी तैयारियों को तेज करते हुए आज विधायक आवास/कार्यालय पर एक वृहद संगठनात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की जनता ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति के साथ-साथ प्रत्येक बूथ को मजबूत करने, बूथ समिति को सक्रिय करने तथा संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक राजीव सिंह पारीछा जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सबसे बड़ा सामर्थ्य उसका समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ता है। चुनाव केवल बड़े मंचों और सभाओं से नहीं जीता जाता, बल्कि चुनाव की वास्तविक ताकत बूथ पर खड़ा हुआ कार्यकर्ता होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी 2027 का चुनाव केवल एक राजनीतिक चुनाव नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है।
विधायक जी ने कहा कि हमारा लक्ष्य बबीना विधानसभा के प्रत्येक बूथ को मजबूत, सक्रिय और अभेद्य बनाना है। हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की टीम सक्रिय हो, प्रत्येक परिवार से संवाद हो, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचे और जनता की समस्याओं का समाधान कराने के लिए कार्यकर्ता सदैव तत्पर रहें—इसी दिशा में हमें पूरी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2027 की जीत की नींव आज से ही बूथ स्तर पर रखनी है। हम सभी को अपने-अपने क्षेत्र में संगठन की ताकत बढ़ाने के साथ-साथ नए लोगों को पार्टी से जोड़ने, युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच निरंतर संपर्क स्थापित करने का कार्य करना होगा।
विधायक जी ने कहा कि बबीना विधानसभा में विकास की गति को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र की जनता के सुख-दुःख में सहभागी बने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करे।
उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि “हमारा बूथ—हमारी जिम्मेदारी” के संकल्प के साथ प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत करें और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में बबीना विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी की विजय को और अधिक ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं।
बैठक में मंडलवार संगठनात्मक स्थिति, बूथ समितियों की सक्रियता, आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान तथा चुनावी तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की विजय के लिए पूरी निष्ठा एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जगत राजपूत, विनोद नायक, पलविंदर नंदा, मीनू राजावत, पुष्पेन्द्र सिंह बुन्देला, अमर सिंह कुशवाहा, गोविंद रायकवार, राजकांतेश वर्मा, बृजेन्द्र राजपूत, रवि राजपूत (मण्डल अध्यक्ष रक्सा), धर्मेन्द्र अहिरवार (मण्डल अध्यक्ष बड़ागाँव), बिरजू कुशवाहा (मण्डल अध्यक्ष चिरगाँव), राजेश पाल (मण्डल अध्यक्ष बबीना ग्रामीण), धीरज अग्रवाल (मण्डल अध्यक्ष सदर कैण्ट), भारती शरण नायक, श्रीलाल अहिरवार, अजय राजपूत, राजेन्द्र राजपूत (प्रधान रक्सा), प्रबल राजपूत (प्रधान संघ अध्यक्ष), दीनदयाल अहिरवार प्रधान बबीना ग्रामीण, विनय बाल्मीकी, सुरेन्द्र राजपूत, योगेन्द्र राजपूत, माते पालर, हरिकृष्णा कुशवाहा, रामा कुषवाहा, रिषभ कुशवाहा सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र की जनता उपस्थित रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन अरविन्द राजपूत ने किया। अंत में उन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की जनता का कार्यक्रम में सहभागिता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा सभी से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने एवं आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
बैठक का समापन संगठन की मजबूती, बूथ की सक्रियता और 2027 में भाजपा की विजय के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *