ब्राह्मण महिला समाज ने मनाया सावन तीज उत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

झांसी। ब्राह्मण महिला समाज की ओर से सावन तीज उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन ममता पचौरी ने किया, जबकि संचालन श्रीमती रंजना शर्मा एवं श्रीमती शशि व्यास ने किया। उत्सव में भारतीय संस्कृति एवं सांस्कृतिक धरोहर को संजोने की सुंदर पहल देखने को मिली। धार्मिक एवं पौराणिक कथाओं के विभिन्न पात्रों को महिलाओं ने अपने अभिनय एवं मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में निधि समाधिया ने सीता, भारती दुबे ने द्रौपदी, रीना ने रानी पद्मावती, नेहा शर्मा ने रानी लक्ष्मीबाई तथा कल्पना दीक्षित ने अहिल्याबाई के स्वरूप को जीवंत करते हुए प्रभावशाली अभिनय किया। उनके शानदार प्रस्तुतिकरण पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
सावन के गीतों पर चेतना दीक्षित, सुनीता, अतुल दीक्षित, अनामिका दीक्षित, साक्षी कौशिक एवं प्रतिमा दुबे ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। वहीं अनेक महिलाओं ने भगवान शिव-पार्वती, भगवान कृष्ण एवं मीराबाई के स्वरूप धारण कर भक्ति रस से सराबोर वातावरण बना दिया।
ममता नायक, संध्या रावत एवं सुनीता दीक्षित ने देशभक्ति एवं लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का रंग भर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं ने भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति, भक्ति एवं देशभक्ति का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती राधिका पाण्डेय व श्रीमती ज्योति शुक्ला उपस्थित रहीं। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती भावना दुबे, श्रीमती आरती, श्रीमती विजया, श्रीमती प्रीति, श्रीमती रीता एवं श्रीमती कविता मिश्रा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सावन तीज उत्सव भक्ति, उल्लास, नारी शक्ति और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर रहा। महिलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *