*भीषण गर्मी में यात्रियों की सुविधा हेतु स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था सुदृढ़,
जनरल कोच यात्रियों पर विशेष ध्यान*
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन में भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए झांसी मंडल के प्रमुख एवं अधिक भीड़-भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित एवं सुलभ बनाने हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि झांसी मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों जैसे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, उरई, बांदा , महोबा के साथ अन्य स्टेशनों पर जिन स्थानों पर जनरल कोच (GS) रुकते हैं, वहां यात्रियों के लिए पानी के बूथ, प्याऊ अथवा अन्य उपयुक्त पेयजल व्यवस्थाएं उपलब्ध हों, ताकि अधिक संख्या में यात्रा करने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मंडल के सभी स्टेशनों पर नलों (टैप) की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा कुल 3158 नल (टैप) कार्यरत हैं, जिससे यात्रियों को सहज रूप से पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रतिदिन *प्रातः 10:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक* विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि अधिक भीड़ के समय यात्रियों को निर्बाध रूप से पानी उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त, मानकों के अनुरूप स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में वॉटर कूलर स्थापित किए गए हैं तथा उनके साथ डीजी सेट (DG Set) का कनेक्शन भी सुनिश्चित किया गया है, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी पेयजल व्यवस्था प्रभावित न हो।
साथ ही, विभिन्न NGO/Individual Service Organizations एवं Scout & Guides के सहयोग से स्टेशनों पर प्याऊ (पेयजल केंद्र) स्थापित कर यात्रियों को निरंतर ठंडा एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। विशेष रूप से Scout & Guides द्वारा इस सेवा कार्य में सराहनीय योगदान दिया जा रहा है। यह पेयजल सेवा कार्यक्रम आगामी जून माह तक निरंतर संचालित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को गर्मी के दौरान निरंतर राहत मिलती रहे।
इस पुनीत कार्य में अनेक सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं जैसे—भारत स्काउट एंड गाइड झांसी मंडल, ग्वालियर पंजाबी परिषद समिति, दिशा मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी ग्वालियर, राधे-राधे जल सेवा समिति डबरा, रोटरी क्लब दतिया, दीपमाला उत्थान समिति मुरैना, जन अभियान परिषद जौरा, नेहरू युवा केंद्र मुरैना, मानवता परिवार भिंड सहित विभिन्न संगठनों एवं समाजसेवियों द्वारा महत्वपूर्ण योगदान प्रदान किया जा रहा है।
विशेष रूप से जनरल कोच के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अतिरिक्त सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे उन्हें इस कठिन गर्मी के मौसम में अधिक सहूलियत प्राप्त हो सके।
रेल प्रशासन द्वारा समाजसेवी संगठनों से अपील की गई है कि वे इस सेवा कार्य में अधिकाधिक सहभागिता करें।
मनोज कुमार सिंह
जनसंपर्क अधिकारी
उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल
