कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा निरीक्षण के संबंध में जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति
*सीएमओ द्वारा किया गया चिकित्सा इकाइयों का भ्रमण*
*डॉक्टरों को समय से उपस्थित रहकर ओपीडी करने के दिए गए सख्त निर्देश*
*विकासखंड चिरगांव की चिकित्सा इकाइयों का किया गया निरीक्षण – सीएमओ*
*अनुपस्थित स्टाफ नर्स एवं लैब सहायक का मांगा गया स्पष्टीकरण*
*दिनांक 2 जुलाई 2026*
जिले में स्वास्थ्य इकाइयों द्वारा प्रदान की जा रही चिकित्सीय सेवाओं के निरीक्षण के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी द्वारा विकासखंड बड़ागांव के अंतर्गत *आयुष्मान आरोग्य मंदिर पारीछा, पल्स पोलियो टीम नंबर 12 एवं 14 पारीछा,* विकासखंड चिरगांव के अंतर्गत *प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरगांव* का निरीक्षण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सबसे पहले आयुष्मान आरोग्य मंदिर पारीछा पहुंचे एवं उपस्थित सीएचओ श्री अंकुर दीमान के द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। इसके बाद पारीछा उपकेंद्र क्षेत्र के अंतर्गत पल्स पोलियो अभियान की टीम नंबर 12 एवं 14 का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही थी। निरीक्षण के समय तक 83 बच्चों को टीम ने दवा पिला दी थी। इसके बाद चिरगांव ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरी का निरीक्षण किया। सेमरी में चिकित्सा अधिकारी डॉ सुमन सहित अन्य स्टाफ उपस्थित था, परंतु स्टाफ नर्स एवं लैब सहायक अनुपस्थित पाए गए, जिनका स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। तत्पश्चात सीएमओ द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरगांव का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय डॉ रविंद्र सिंह सहित स्टाफ उपस्थित मिला। चिकित्सालय में साफ सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई परंतु परिसर में सामान्य कचरा हेतु डस्टबिन नहीं है। नगर पालिका चिरगांव से संपर्क कर चिकित्सालय में सामान्य कचरा निस्तारण के डस्टबिन रखे जाने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ द्वारा किए गए निरीक्षण के समय सीएमओ कार्यालय से अपर शोध अधिकारी श्री आर एम मौर्या, चिकित्सा अधीक्षक चिरगांव डॉ रविंद्र सिंह, डॉ रामानंद, डॉ राजेश सिंह, डब्ल्यूएचओ से डॉ जूही, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्री नवल किशोर, फार्मासिस्ट श्री जयप्रकाश आदि उपस्थित रहे।
