कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा निरीक्षण से संबंधित जारी की गई
*सीएमओ ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुआसागर का निरीक्षण*
*चिकित्सालय में फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल सेफ्टी के मानक पूरे किए जाएं – डॉ शिशिर पुरी*
*अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों की अद्यतन सूची प्रदर्शित करने के दिए गए निर्देश*
*झांसी दि- 4 जुलाई 2026*
मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरुआसागर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ बी एस राजपूत और डॉ कुलदीप उपस्थित मिले, जबकि डॉ प्रिया सिंह विगत 1 जुलाई से अनुपस्थित पाई गई, जिनका स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत अभी चिकित्सालय में ऑनलाइन ओपीडी पर्चे नहीं बन रहे हैं, कंप्यूटर सिस्टम आदि की व्यवस्था कर ऑनलाइन ओपीडी पर्चे की व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सालय में हेल्थ एटीएम क्रियाशील है। दवा वितरण कक्ष में चिकित्सालय में उपलब्ध दवाइयों की अद्यतन सूची नहीं पाई गई, जिस पर सीएमओ ने अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों की सूची प्रदर्शित करने और प्रतिदिन अपडेट करने के निर्देश दिए। अस्पताल में ओआरएस व जिंक कॉर्नर क्रियाशील पाया गया, एंटी रेबीज वैक्सीन पर्याप्त थीं, परंतु सर्पदंश हेतु एंटी स्नेक वेनम कम पाए गए। वर्तमान में वर्षा ऋतु प्रारंभ हो गई है और सर्पदंश के मामले बढ़ गए हैं। अतः पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रखी जाए व मरीजों को तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उपस्थित स्टाफ नर्स अर्चना सिंह ने बताया कि प्रतिमाह लगभग 35 से 38 प्रसव चिकित्सालय में कराए जा रहे हैं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि आशाओं के साथ बैठक कर क्षेत्र के अधिक से अधिक प्रसव चिकित्सालय में ही कराए जाएं।
चिकित्सालय में आग की दुर्घटनाओं से बचाव हेतु फायर सेफ्टी सिस्टम लगा हुआ है। अतः फायर व्यवस्था की मॉक ड्रिल तथा इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑडिट तत्काल करा लिया जाए। चिकित्सालय में साफ-सफाई व्यवस्था ठीक थी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ बी एस राजपूत, अपर शोध अधिकारी श्री आर एम मौर्या, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स आदि उपस्थित रहे।
